जैन धर्म और विश्व शांति पुस्तक का विमोचन
स्वराज जैन को मिला सम्मान
….श्रीमती कमल जैन
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के कांस्टीट्यूशनल क्लब में को बुंदेलखंड विकास परिषद और हाउस ऑफ मेमोर के संयुक्त तत्वावधान में पुस्तक लोकार्पण एवं विद्वत सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री माननीय नितिन गडकरी जी ने स्वराज जैन एवं डॉ. रमेश गुप्त ‘मिलन’ द्वारा लिखित पुस्तक जैन धर्म और विश्व शांति’ का विमोचन किया। भारतीय ज्ञानपीठ से प्रकाशित यह पुस्तक जैन दर्शन के वैश्विक शांति संदेश को रेखांकित करती है।
समारोह में स्वराज जैन जी को उनके उल्लेखनीय साहित्यिक एवं सामाजिक योगदान के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। मंच पर बुंदेलखंड विकास परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विजय खैरा, राष्ट्रीय संयोजक आदीश जैन ‘दादा’, पूर्व आईएएस अधिकारी के. एन. श्रीवास्तव, पूर्व विधायक एस. सी. एल. गुप्ता सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि व्यक्ति सभी पुस्तकों से कुछ-न-कुछ अच्छाइयां ग्रहण कर अपनी अच्छाइयों को बढ़ाते हुए कितनी भी बड़ी ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। पुस्तकें ही सच्चा मार्गदर्शन करती हैं। वैश्विक विकास के लिए विश्व शांति जरूरी है।
राष्ट्रीय संयोजक आदीश जैन ‘दादा’ ने कहा, आज जब विश्व अनेक युद्धों और हिंसा का दंश झेल रहा है, ऐसे समय में जैन धर्म के अहिंसा, अपरिग्रह और अनेकांत जैसे शाश्वत सिद्धांत ही विश्व शांति का आधार बन सकते हैं। यह पुस्तक समय की मांग है।
बुंदेलखंड विकास परिषद के अध्यक्ष डॉ. विजय खैरा ने बताया कि परिषद और हाउस ऑफ मेमोर शिक्षा, संस्कृति और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में निरंतर कार्यरत हैं। यह आयोजन उसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद लेखक स्वराज जैन ने कहा कि इस पुस्तक का एकमात्र उद्देश्य जैन दर्शन के करुणा एवं शांति के सार्वभौमिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
इस अवसर पर हाउस ऑफ मेमोर के संस्थापक शहजेब खान, जिनेश जैन विद्यार्थी, विनय खरे , विजेंद्र जैन, हरदयाल कुशवाहा, सचिन जैन, अशोक बरार, साहिल जैन, राकेश अनुरागी, सीमा जैन, प्रियंका जैन, विजय गुप्ता, सलिल जैन, विवान जैन, गोपाल राजपूत, रविन्द्र शुक्ल और अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
….श्रीमती कमल जैन
Unit of Shri Bharatvarshiya Digamber Jain Mahasabha














