आदिश्वर धाम, बाजारगाँव के पंचकल्याणक महोत्सव तुलसीनगर, नागपुर में अत्यंत भक्तिभाव एवं भव्यता के साथ सम्पन्न हुए। दिनांक 17 अप्रैल 2026 को मोक्ष कल्याणक का पावन दिवस प्रातः भगवान के मोक्ष प्राप्ति के मंगल प्रसंग के साथ श्रद्धा एवं उल्लासपूर्वक मनाया गया।
इसके पश्चात गजरथ फेरी ने तुलसीनगर का संपूर्ण भ्रमण करते हुए पुनः पंडाल में आगमन किया। इस भव्य फेरी में लगभग दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम की दिव्यता और विशालता को सजीव रूप से प्रकट किया।
मंच पर श्री दिगंबर जैन परिवार मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री आनंद जैन, मंत्री श्री आशीष जैन एवं संपूर्ण ट्रस्ट कमेटी की गरिमामयी उपस्थिति रही। श्री आनंद जैन जी ने ट्रस्ट के अंतर्गत आने वाली सभी समितियों एवं संस्थाओं के प्रति हार्दिक कृतज्ञता व्यक्त की, जिन्होंने पंचकल्याणक महोत्सव को सफल बनाने हेतु तन, मन और धन से अपना योगदान दिया। साथ ही, मुख्य पात्रों के माध्यम से पंचकल्याणक क्षेत्र में हुए धर्मार्जन में सहयोग देने वाले सभी पात्रों के प्रति भी विशेष आभार व्यक्त किया गया।
इस अवसर पर परवारपुरा में निर्माणाधीन जैन मंदिर के पंचकल्याणक महोत्सव को आचार्य श्री के सान्निध्य में सम्पन्न कराने हेतु आशीर्वाद की प्रार्थना की गई। गुरुदेव ने सहज संकेत देते हुए कहा कि यदि शीघ्रता की जाए तो उन्हें पुनः दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हो सकता है।
इसी महोत्सव के दौरान आचार्य श्री समयसागर जी महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि “अहिंसा एवं आत्मज्ञान के मार्ग पर चलकर ही जीवन को वास्तविक शांति और संतुलन प्राप्त होता है।” उन्होंने बताया कि आत्मजागृति और संयम ही मानव जीवन को सार्थक बनाते हैं तथा यही विश्व शांति का आधार हैं।
प्रचार प्रसार समिति संयोजक सुमत लल्ला , डाॅ अनीश जैन














