नई दिल्लीः अहिंसा विश्व भारती के संस्थापक आचार्य लोकेश मुनि जी के सान्निध्य में गुरूग्राम में नवनिर्मित वर्ल्ड पीस सेंटर का भव्य उदघाटन अनेक वरिष्ठ राजनेताओं और संतों के सान्निध्य में 2 मार्च को संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविन्द ने कहा कि आज के भौतिकतावादी वातावरण में शांति को बढावा देना समय की अनिवार्यता है। यह प्रसन्नता की बात है कि आचार्य लोकेश जी ने इसका निर्माण कर अपने संकल्प को पूरा किया है। वे
साधुवाद के पात्र हैं। इस केंद्र की आवाज़ संयुक्त राष्ट्रसंघ व विश्व धर्म संसद तक सुनाई देगी।
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि जैन जीवन शैली ही हमारे उज्जवल भविष्य का प्रतीक है। हरियाणा की धरती से गीता का संदेश प्रसारित हुआ था अब विश्व में शांति, सद्भावना और मानव कल्याण का संदेश प्रसारित होगा यह हमारे लिए गौरव का बात है।
आर्ट ऑफ लिविंग के संस्थापक श्री श्री रविशंकर जी ने कहा कि मौजूदा समय में जब भौतिकतावाद चरम सीमा पर है तब आचार्य लोकेशजी विश्व शांति केंद्र के माध्यम से पुन: आध्यात्मिक चेतना, नैतिक मूल्यों, वसुधैव कुटुम्बकम के भाव को पुन: जागृत करने का प्रयास किया है, यह हमारे लिए गौरव की बात है |
प्रसिद्ध कथावाचक श्री मोरारी बापू जी ने कहा कि सम्यक ज्ञान, दर्शन, चारित्र, तप रूपी चार स्तंभो पर खड़े सप्त मंजिले इस केंद्र से भगवान महावीर, मर्यादा पुरुषोत्तम राम, भगवान बुद्ध, गुरु नानक के आदर्श यहा से प्रसारित होंगे।
आचार्य लोकेश जी ने कहा कि वर्तमान में जब विश्व हिंसा, युद्ध , पर्यावरण प्रदूषण, असमानता जैसी समस्याओं से जूझ रहा है | ऐसे समय में विश्व शांति केंद्र की स्थापना समाज की दिशा और दशा बदलने में अपना योगदान देगी |
पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने कहा कि राजस्थान में जन्मे आचार्य लोकेशजी को भारत सरकार ने राष्ट्रीय सांप्रदायिक सद्भावना पुरस्कार से सम्मानित किया था, उन्हे अमेरिकन प्रेसिडेंशियल अवार्ड से भी सम्मानित किया गया है, यह राजस्थान और भारत के लिए गौरव कि बात है बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान ने कहा कि यह केंद्र विश्व शांति व सद्भावना की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम है , इसके माध्यम से धार्मिक व सामाजिक सहिष्णुता,
आपसी सौहार्द, का वातावरण उत्पन्न होगा। संत गोविंददेव गिरि ने कहा कि वर्तमान मे एक आध्यात्मिक और नैतिक क्रांति की आवश्यकता है। यहां से आचार्य लोकेश जी वैश्विक स्तर पर कार्य करेंगे |
उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि आधुनिक राष्ट्र-निर्माताओं ने सेवा भावना के द्वारा न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्शों को चरितार्थ किया था, यह केंद्र इस उद्देश्य को आगे बढ़ाएगा |
केंद्र के उदघाटन के बाद विराट संत सम्मेलन को रमेशभाई ओझा, बौद्ध भिक्षु संघसेना, इमाम उमेर अहमद इलियासी, स्वामी धर्मदेव, स्वामी दीपांकर, परमजीत सिंह चंदोक, स्वामी अभय दास, पुण्डरीक गोस्वामी, देवी चित्रलेखा ने संबोधित किया। संचालन रमेश तिवारी और कर्नल टीपी त्यागी ने किया। समारोह में देश-विदेशों के अनेक गणमान्य व्यक्तियों के साथ-साथ अभय श्रीमाल, अनिल शाह, अशोक सुराणा, सुभाष ओसवाल, मनोज जैन-निगम पार्षद, अनिल जैन सीए, रामगोपाल दीक्षित, केनु अग्रवाल, सुभाष जैन-जज, रमेश जैन एडवोकेट भी मौजूद थे। प्रेषकः रमेश चंद्र जैन एडवोकेट नवभारत टाइम्स नई दिल्ली
Unit of Shri Bharatvarshiya Digamber Jain Mahasabha