चांदखेड़ी (राजस्थान)। जैन अतिशय तीर्थ स्थल चांदखेड़ी में दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन का 30वां राष्ट्रीय अधिवेशन अत्यंत भव्यता एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। देशभर से पधारे पदाधिकारियों एवं प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित इस अधिवेशन में महाकोशल-विंध्य रीजन ने अपने उत्कृष्ट कार्यों के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर विशिष्ट पहचान स्थापित की।
अधिवेशन के दौरान महाकोशल-विंध्य रीजन के अध्यक्ष सीए मनोज जैन को सर्वश्रेष्ठ रीजन अध्यक्ष के प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया, वहीं रीजन के कोषाध्यक्ष सुनील घिया को सर्वश्रेष्ठ कोषाध्यक्ष के रूप में सम्मानित किया गया। यह उपलब्धियाँ वर्ष 2025 में रीजन द्वारा किए गए धार्मिक, सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य सेवाओं के उत्कृष्ट कार्यों का प्रतिफल हैं।
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी नितिन जैन एवं राष्ट्रीय सहसचिव संजय सम्यक ने प्रेस रिलीज के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि जबलपुर के विभिन्न सोशल ग्रुप्स ने अपने उल्लेखनीय कार्यों के आधार पर कुल 26 अवार्ड प्राप्त कर रीजन का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया।
जबलपुर मेन ग्रुप ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 8 अवार्ड अपने नाम किए। इसमें सर्वश्रेष्ठ अध्यक्ष का सम्मान मुल्कराज बादशा को प्राप्त हुआ। साथ ही पर्यावरण संरक्षण एवं स्क्रैप बुक श्रेणी में द्वितीय स्थान भी हासिल किया।
अधिवेशन की भव्य स्मारिका ‘चंद्रोदय घोष’ के उत्कृष्ट एवं त्रुटिरहित संपादन हेतु प्रधान संपादक प्रशांत जैन सहित संपादकीय टीम—डॉ. यतीश जैन, गोपाल जैन, संजय सम्यक, विकास जैन एवं अंजुल जैन—को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
जबलपुर नगर ग्रुप ने भी उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए कुल 12 अवार्ड प्राप्त किए। ग्रुप के अध्यक्ष प्रफुल्ल-रीता जैन को श्रेष्ठ अध्यक्ष का सम्मान मिला। इसके अतिरिक्त मानव सेवा, धार्मिक गतिविधियाँ, पर्यावरण संरक्षण, मनोरंजन, शिक्षा एवं चिकित्सा सहयोग जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्यों के लिए 7 अन्य अवार्ड भी प्राप्त हुए।
फेडरेशन के मुखपत्र “युग अस्तित्व बोध” के संपादन के लिए डॉ. संजय चंद्रा चौधरी को सम्मानित किया गया। साथ ही महाकोशल-विंध्य रीजन को सर्वश्रेष्ठ बैनर प्रस्तुतिकरण का अवार्ड भी प्राप्त हुआ।
इसके अतिरिक्त सोशल ग्रुप संस्कारधानी ने भी अपनी सक्रियता का परिचय देते हुए 6 अवार्ड प्राप्त किए। इनमें श्रेष्ठ ग्रुप, श्रेष्ठ अध्यक्ष, धार्मिक गतिविधि, राष्ट्रीय गतिविधि, मनोरंजन गतिविधि एवं मानव सेवा जैसी प्रमुख श्रेणियाँ शामिल रहीं।
इस भव्य अधिवेशन में महाकोशल-विंध्य रीजन के विभिन्न ग्रुप्स की शानदार उपलब्धियों ने यह सिद्ध कर दिया कि संगठित प्रयास, सेवा भावना एवं समर्पण से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सकता है।
नितिन जैन
राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी
दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन












