भट्टारक जी की नसियां में महिला संगठनों की हुई सभा, नारी शक्ति हुई एकजुट

0
126

जयपुर -22 दिसम्बर – जैन धर्म के 20 तीर्थंकर सहित कोड़ा कोड़ी जैन संतों की निर्वाण स्थली झारखंड स्थित जैन धर्म के सर्वोच्च सिद्ध क्षेत्र श्री सम्मेद शिखर जी को पर्यटन स्थल घोषित करने के विरोध में पूरे देश में अहिंसात्मक आंदोलन चल रहा है।इसी कड़ी में भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी एवं जैन श्वेताम्बर सोसायटी सहित सकल जैन समाज (दिगंबर और श्वेतांबर) के निर्देशन में सम्मेद शिखर जैन तीर्थ जो समाज की आस्था का मुख्य केंद्र है को पर्यटक स्थल (पिकनिक स्पॉट) घोषित करने पर सकल जैन समाज का विरोध स्वरूप मौन जुलूस रविवार 25 दिसंबर को राजधानी जयपुर सहित प्रदेशभर में निकाला जाएगा और समाज के प्रतिनिधि अपने सभी तरह के प्रतिष्ठान बंद रखकर अपना विरोध जताएंगे।
इसी कड़ी में गुरुवार,22 दिसम्बर को दोपहर में 1.30 बजे भट्टारक जी की नसियां में महिला मण्डलों, संगिनी फारम जेएसजी तथा अन्य महिला संगठनों के पदाधिकारियों की मीटिंग बुलाई गई।

तीन बार णमोकार महामंत्र के सामूहिक उच्चारण से शुरु हुई इस बैठक में महिलाओं ने नारी शक्ति एक है,कोमल है कमजोर नहीं, विरोध प्रदर्शन का तरीका मौन सबसे उत्तम है, अहिंसा का प्रतीक है,प्राणो से भी प्यारा है -सम्मेद शिखर हमारा है, सहित बड़ी संख्या में उपस्थित विभिन्न महिला मण्डलों, संगिनी फारम एवं अन्य महिला संगठनों के पदाधिकारियों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए सम्मेद शिखर धर्म क्षेत्र को बचाने के लिए अपने प्राण तक न्यौछावर करने के विचार व्यक्त किए।इस मौके पर राजस्थान जैन सभा के अध्यक्ष सुभाष चन्द जैन ने पूरे आंदोलन की तैयारियां एवं रुपरेखा पर प्रकाश डाला। वही श्री दिगम्बर जैन महिला समिति की राष्ट्रीय अध्यक्ष शीला जैन डोड्या, जौहरी बाजार दिगम्बर जैन महिला समिति की मंत्री पुष्पा सोगानी, समाजसेविका नीना पहाड़ियां,सरोज कोचर, संगिनी फारम की ऋतु जैन, राजस्थान जैन सभा की मीना चौधरी, राजस्थान जैन युवा महासभा की रेखा पाटनी, जवाहर नगर तपागच्छ संघ की अन्नू दीपक जैन,रश्मी सांगानेरिया, मंजू छाबड़ा,रजनी पाटनी सहित राजस्थान जैन युवा महासभा के प्रदेश महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा, भारतवर्षीय दिगम्बर जैन तीर्थ क्षेत्र कमेटी राजस्थान अंचल के उपाध्यक्ष रविन्द्र बज, श्वेताम्बर जैन समाज के महेन्द्र सिंघवी ने अपने उदबोधन में आक्रोश व्यक्त करते हुए आव्हान किया कि मौन जुलूस को सफल बनाने हेतु कई सुझाव दिये। मंच संचालन राजस्थान जैन सभा जयपुर के महामंत्री मनीष बैद ने किया। आभार मंत्री विनोद जैन कोटखावदा ने व्यक्त किया। इस मौके पर भानू छाबड़ा, राकेश छाबड़ा,शैलेन्द्र साह, अशोक जैन नेता, अमर दीवान खोराबीसल,नवीन जैन बिल्टीवाला,मनीष बाकलीवाल,तारा भौसा, अभिषेक जैन बिट्टू, प्रमोद बाकलीवाल सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित थी।

भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र कमेटी राजस्थान अंचल अध्यक्ष राजकुमार कोठ्यारी एवं राजस्थान जैन सभा जयपुर के अध्यक्ष सुभाष चन्द जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि जयपुर में रविवार को प्रातः 9 बजे सकल जैन समाज रामनिवास बाग स्थित अल्बर्ट हॉल पर एकत्रित होगा और यहां से मौन जुलूस प्रारंभ किया जायेगा, जो जौहरी बाजार, त्रिपोलिया बाजार, बड़ी चौपड़, किशनपोल बाजार, अजमेरी गेट, एमआई रोड़ से होते हुए महावीर स्कूल, सी-स्कीम में जाकर संपन्न होगा। यहां दिगंबर और श्वेतांबर जैन संतो और साध्वियों के सानिध्य में विशाल धर्मसभा का आयोजन होगा।
आयोजन से जुड़े हुए मनीष बैद एवं विनोद जैन कोटखावदा तथा महेन्द्र सिंघवी ने बताया कि मौन जुलूस की तैयारियां जोरों पर है। महावीर स्कूल में विशाल पाण्डाल बनवाया जा रहा है। विभिन्न कालोनियों एवं जैन मंदिरों में घर घर जनसम्पर्क किया जा रहा है।इससे पूर्व जयपुर में भट्टारक जी की नसियां में सभी जैन मंदिरों के पदाधिकारियों एवं जैन सोश्यल ग्रुप्स, दिगम्बर जैन सोशल ग्रुप तथा जैन युवा मण्डलों के पदाधिकारियों की मीटिंग आयोजित की गई जिसमें विभिन्न समितिया बनाकर अलग अलग कार्य व जिम्मेदारी बाटी गई है। दूर दराज की कालोनियों एवं जैन मंदिरों से आने जाने के लिए बसें लगाई जाएगी। जुलूस मार्ग में आठ स्थानों पर पीने के लिए पानी की व्यवस्था रहेगी। जुलूस में पुरुष वर्ग सफेद वस्त्र तथा महिला वर्ग -केसरिया साड़ी या केसरिया वस्त्र धारण कर , विरोध स्वरूप काली पट्टी बांध कर शामिल होंगे। सम्मेद शिखर बचाओ से सम्बंधित नारे लिखी तख्तियां व जैन ध्वज लेकर जैन बन्धु चलेंगे। जुलूस की व्यवस्था श्री वीर सेवक मण्डल के कार्यकर्ता देखेंगे। जुलूस व धर्म सभा में सानिध्य प्रदान करने के लिए सभी जैन संतों से निवेदन किया जा रहा है।

जयपुर सहित पूरे प्रदेश के जैन बन्धुओं में झारखंड सरकार के इस निर्णय के विरोध में भयंकर आक्रोश व्याप्त है। पूरे जोश के साथ मौन जुलूस निकाला जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here