छत्रपती संभाजीनगर: औरगाबाद इन्स्टिट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की छत्रपती संभाजीनगर शाखा की वर्ष 2026-27 की नई कार्यकारिणी घोषित कर दी गई है। अध्यक्ष पद का कार्यभार सीए अमोल गोधा ने संभाला है। पदभार ग्रहण करने के बाद नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि सीए व्यवसाय में कृत्रिम बुद्धिमत्ता अर्थात ‘एआई’ (AI) तकनीक के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर दिया जाएगा।
नई कार्यकारिणी में उपाध्यक्ष पद पर सीए केदार पांडे, सचिव पद पर सीए रफिक पठाण, कोषाध्यक्ष पद पर सीए ऐश्वर्या ब्रम्हेचा तथा विद्यार्थी शाखा ‘विकासा’ के अध्यक्ष पद पर सीए आनंद तोतला का चयन किया गया है। वहीं सीए समीर शिंदे और पूर्व अध्यक्ष सीए महेश इंदाणी समिति सदस्य के रूप में कार्यरत रहेंगे।
नवनियुक्त अध्यक्ष सीए अमोल गोधा ने कहा कि बदलते समय में ‘एआई’ तकनीक सीए व्यवसाय के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगी। कर प्रणाली और कॉर्पोरेट कानूनों में हो रहे बदलावों के अनुरूप सदस्यों को अद्यतन रखने और उनके कार्य में सटीकता लाने के लिए शाखा की ओर से विशेष एआई-आधारित कार्यशालाएं और सेमिनार आयोजित किए जाएंगे। इस तकनीक से सीए सदस्यों के दैनिक कार्यों में मूल्यवर्धन होगा और उन्हें वैश्विक स्तर की सेवाएं प्रदान करना आसान होगा। आईसीएआई के केंद्रीय अध्यक्ष सीए प्रसन्ना कुमार डी. और उपाध्यक्ष सीए मंगेश किनारे के मार्गदर्शन में इन तकनीक-समर्थ पहलों की योजना बनाई गई है।
छत्रपती संभाजीनगर शहर में वर्तमान में 1300 से अधिक चार्टर्ड अकाउंटेंट कार्यरत हैं, जबकि पूरे मराठवाड़ा क्षेत्र में लगभग 5000 से अधिक विद्यार्थी सीए पाठ्यक्रम कर रहे हैं। इन विद्यार्थियों के लिए भी ‘विकासा’ के माध्यम से एआई और नए सॉफ्टवेयर का प्रशिक्षण देने वाले विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा, निवेशक जागरूकता और कर संबंधी जनजागरण के लिए शाखा सक्रिय रूप से कार्य करेगी। पूरे मराठवाड़ा क्षेत्र के नए विद्यार्थियों को इस क्षेत्र से जोड़ना और उनकी शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा करना ही शाखा का मुख्य उद्देश्य बताया गया। ऐसी जानकारी प्रचार प्रसार संयोजक नरेंद्र अजमेरा पियुष कासलीवाल औरंगाबाद ने दी है












