कार – ट्रैक्टर भिड़ंत में जैन परिवार के पांच घायल, एक की मौत टूंडला से सोनागिर जा रहे थे परिवारिजन

0
1

मुरैना (मनोज जैन नायक) खुशहाली के माहौल में टूंडला से सोनागिर के लिए निकला जैन परिवार मुरैना के नजदीक हादसे का शिकार हो गया । इस हादसे में एक महिला की मौत हो गई और पांच लोग घायल हुए, जिसमें से दो की हालत नाजुक बताई जा रही है ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे 44 पर एक दर्दनाक हादसे में जैन परिवार की एक महिला की दुःखद मृत्यु हो गई। इस दर्दनाक हादसे में बच्चों और महिलाओं सहित पांच लोग घायल है, जिनमें से 2 की हालत गंभीर है। दोनों गंभीर रूप से घायलों को ग्वालियर रैफर किया गया है ।हादसे के शिकार सभी उप्र के टुंडला के पास चारखी गांव के निवासी हैं। यह लोग दतिया के पास स्थित जैन तीर्थ श्री सिद्धक्षेत्र सोनागिरि दर्शन करने जा रहे थे। तभी सरायछोला थाने के नजदीक श्रद्धालुओं की कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली में भिड़ंत हो गई। सराय छोला थाना पुलिस ने डायल 112 की मदद से सभी घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया। शाम तक टूंडला से परिजनों के आने पर मृत महिला का पोस्टमार्टम पश्चात शव परिजनों को दे दिया गया । दो घायलों को ग्वालियर रैफर किया गया और अन्य घायलों का जिला चिकित्सालय में इलाज जारी है।
बताया जाता है कि उप्र के टुंडला, चारखी गांव के रहने वाला जैन परिवार मारुति कार से सोनागिरि जैन मंदिर दर्शन करने निकला था। चंबल राजघाट पुल निकलने के बाद जैन परिवार गाड़ी में ही खाना खा रहा था। तभी नायक पुरा मोड़, सराय छोला थाना क्षेत्र के पास श्रद्धालुओं से भरी कार और सरसों बेचकर घर लौट रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने डायल 112 की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों में प्रशांत जैन (30 वर्ष), पुष्पा जैन (60 वर्ष), अजीब जैन (8 वर्ष), संतोष कुमारी (72 वर्ष), प्रकाश जैन (60 वर्ष), दीपा जैन (44 वर्ष) और द्रव जैन (5 वर्ष) शामिल हैं। मुरैना से जैन समाज और जैन मित्र मंडल के सदस्यों ने जिला अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार को हर संभव मदद प्रदान की । चिकित्सालय पहुंचने वालों में प्राचार्य अनिल जैन, एडवोकेट धर्मेंद्र जैन, निर्मल जैन भंडारी, प्रदीप वरैया, सुनील जैन पुच्ची, अमर जैन, राजेंद्र जैन, मनीष जैन, रोशनलाल जैन, रज्जू जैन, मनेंद्र जैन रानू प्रमुख थे ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here