त्रिदिवसीय राष्ट्रीय प्राकृत भाषा विद्वत्संवाद गिरनारजी में ऐतिहासिक रूप से सानंद सम्पन्न

0
2
त्रिदिवसीय राष्ट्रीय प्राकृत भाषा विद्वत्संवाद गिरनारजी में ऐतिहासिक रूप से सानंद सम्पन्न
जैन धर्म के 22वें तीर्थंकर भगवान श्री नेमिनाथ स्वामी की निर्वाण स्थली गिरनारजी में प्राकृत भाषा के संरक्षण, संवर्धन एवं प्रचार के उद्देश्य से आयोजित त्रिदिवसीय राष्ट्रीय प्राकृत भाषा विद्वत्संवाद अत्यंत भव्यता, गरिमा एवं विद्वत् वातावरण के साथ सानंद सम्पन्न हुआ। यह आयोजन श्री समवसरण, निर्मल ध्यान केन्द्र, गिरनारजी (जूनागढ़, गुजरात) में केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, नई दिल्ली एवं प्राकृत भाषा विकास फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम को प्राकृताचार्य सुनीलसागर जी महाराज ससंघ का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ, जिनकी प्रेरणा एवं आशीर्वाद से सम्पूर्ण वातावरण प्राकृत भाषा-साधना और आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. लोकमान्य मिश्र, निदेशक, केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, जयपुर रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. ऋषभचन्द जैन फौजदार (एकलव्य विश्वविद्यालय, दमोह), डॉ. जिनेंद्र जैन (जैन विश्वभारती विश्वविद्यालय, लाडनूं), डॉ. जय कुमार उपाध्ये (पूर्व निदेशक, प्राकृत विद्यापीठ श्रवणबेलगोला), डॉ. जयकुमार जैन (अधिष्ठाता, श्रमण संस्कृति संस्थान सांगानेर, जयपुर), डॉ. दीनानाथ शर्मा (गुजरात विश्वविद्यालय) तथा ब्र. सुमत भैया (अधिष्ठाता, निर्मल ध्यान केन्द्र, गिरनारजी) की गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने अपने संबोधनों में प्राकृत भाषा को भारतीय सांस्कृतिक चेतना की आत्मा बताते हुए इसके शैक्षणिक एवं सामाजिक महत्त्व पर प्रकाश डाला।
इस राष्ट्रीय विद्वत्संवाद में देश के 120 से अधिक विश्वविद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विद्यालयों से पधारे संस्कृत एवं प्राकृत भाषा के मर्मज्ञ, शोधार्थी एवं प्रतिष्ठित विद्वानों ने सक्रिय सहभागिता की। विभिन्न तकनीकी सत्रों में प्राकृत साहित्य, आगमिक परंपरा, भाषावैज्ञानिक दृष्टि, दर्शन, संस्कृति तथा आधुनिक संदर्भों पर आधारित शोध-आलेखों का गहन वाचन एवं विमर्श हुआ। शैक्षणिक सत्रों का कुशल निर्देशन डॉ. धर्मेंद्र कुमार जैन, डॉ. प्रभातकुमार दास एवं डॉ. सतेंद्र जैन (केन्द्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय) द्वारा किया गया, जिससे संवाद का स्तर अत्यंत उच्च एवं सारगर्भित रहा।
कार्यक्रम का संयोजन महामंत्री डॉ. आशीष जैन आचार्य (राष्ट्रपति सम्मानित) एवं डॉ. आशीष जैन बम्हौरी द्वारा किया गया। समापन सत्र में प्राकृत भाषा विकास फाउंडेशन के अध्यक्ष श्री ऋषभचन्द्र जैन फौजदार एवं महामंत्री डॉ. आशीष जैन आचार्य ने विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संस्था द्वारा किए जा रहे प्राकृत भाषा के संरक्षण, प्रचार-प्रसार एवं अकादमिक प्रयासों की जानकारी दी।
इस अवसर पर फाउंडेशन द्वारा प्राकृत भाषा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले विद्वानों को प्राकृत प्रभावना पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्वानों में डॉ. शैलेश जैन (उदयपुर), पंडित लोकेश शास्त्री (गनोड़ा), डॉ. निर्मल जैन (टीकमगढ़), पंडित धर्मेंद्र जैन शास्त्री (उदयपुर), विजय जैन शास्त्री (शाहगढ़), पंडित अनिल जैन शास्त्री (सागर) तथा श्रीमती सुरेखा संजय नरदे (महाराष्ट्र) सम्मिलित रहीं। कुल सात विद्वानों को सम्मानित कर प्राकृत भाषा-सेवा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
अधिवेशन के पुण्यार्जक श्रीमान् सौभाग्यमल राजेन्द्र कुमार जी कटारिया (अहमदाबाद) को विशेष रूप से उपाधि अलंकरण से सम्मानित किया गया। सम्पूर्ण कार्यक्रम विद्वत्ता, साधना, संगठन और राष्ट्रीय चेतना का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर उभरा। इस त्रिदिवसीय राष्ट्रीय प्राकृत भाषा विद्वत्संवाद ने प्राकृत भाषा को नई ऊर्जा, दिशा और राष्ट्रीय पहचान प्रदान की तथा भविष्य में ऐसे और व्यापक आयोजनों का मार्ग प्रशस्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here