श्री दिगम्बर जैन सिद्ध क्षेत्र सिद्धवरकूट में आध्यात्मिक रंगों के साथ संपन्न हुआ होली वार्षिक मेला महोत्सव
संभवनाथ भगवान की भक्ति में झूमे श्रद्धालु
सनावद। दो चक्री, दस कामकुमार सहित साढ़े तीन करोड़ मुनिराजों की पावन निर्वाण स्थली श्री दिगम्बर जैन सिद्ध क्षेत्र सिद्धवरकूट में 4 मार्च 2026 को होली वार्षिक मेला महोत्सव अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। प्रातःकाल से ही तीर्थक्षेत्र में श्रद्धालुओं की अपार भीड़ उमड़ पड़ी और संपूर्ण परिसर “सिद्धवरकूट की जय” एवं “जय संभवनाथ भगवान” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा।
अहिंसा स्तंभ से निकली भव्य शोभायात्रा
क्षेत्र कमेटी के प्रचार संयोजक राजेन्द्र जैन ‘महावीर’ (सनावद) मेला संयोजक बाबूलाल जैन बस वाले बड़वाह ने जानकारी देते हुए बताया कि मेला महोत्सव का मुख्य आकर्षण भव्य एवं दिव्य शोभायात्रा रही, जो अहिंसा स्तंभ से धार्मिक गरिमा एवं अनुशासन के साथ प्रारंभ हुई।
शोभायात्रा में स्वर्ण एवं रजत कलशों को सिर पर धारण किए पुण्यार्जक परिवार अग्रभाग में चल रहे थे। ढोल-ताशों, मंगल वाद्यों एवं भक्ति गीतों की मधुर स्वर लहरियों पर श्रद्धालु नृत्य करते हुए आगे बढ़ रहे थे। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में कलश लिए चल रही थीं, वहीं युवा वर्ग ध्वज-पताकाएं लेकर धर्मध्वजा लहरा रहा था।
महामस्तकाभिषेक में स्वर्ण एवं रजत कलश का सौभाग्य
भगवान बाहुबली के महामस्तकाभिषेक में स्वर्ण कलश का सौभाग्य प्राप्त करने वाले पुण्यार्जक परिवार इस प्रकार रहे—
डॉ. सुभाष–सुनीता जैन (खंडवा),
बाबूलाल–मीना जैन (भीकनगांव),
विकास–वर्षा कासलीवाल (भीकनगांव),
नवल–मंजू जैन (इंदौर),
पंकज–शालिनी जटाले (बेड़ियां),
करण–श्वेता जैन (बड़वाह),
प्रवीण–भावना जैन (पुनासा)।
रजत कलश से अभिषेक का सौभाग्य कैलाशचंद मोटाघर (बड़वाह), दीपक गोधा (बड़वाह) एवं अतुल जैन (बीड़) को प्राप्त हुआ।निमाड़ मालवा के हजारों श्रद्धालुओं ने अत्यंत श्रद्धा एवं भक्तिभाव से सहभागिता की।
बाहुबली मंदिर में अभिषेक एवं शांतिधारा
भव्य शोभायात्रा भगवान बाहुबली मंदिर परिसर पहुँची, जहाँ विधिवत अभिषेक एवं शांतिधारा संपन्न हुई। स्वर्ण-रजत कलशों से जैसे ही अभिषेक प्रारंभ हुआ, संपूर्ण परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा। उस दिव्य क्षण में उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।विधानपूजन भक्ति भजन आरती कमल जैन संगीतकार बड़वाह ने संपन्न कराए।
मंदिरों में हुआ ध्वजारोहण
मूलनायक संभवनाथ मंदिर में बाबूलाल बड़जात्या (ध्वजाधारी, इंदौर), पहाड़िया परिवार (इंदौर), बाबूलाल कैलाशचंद जैन बस परिवार (बड़वाह), स्वाति विपिन जैन (इंदौर), जीवेश कुमार जैन (पुनासा), दीपक गोधा, अशोक जैन (बड़वाह), बाबूलाल कासलीवाल (भोखाखेड़ी) एवं मामाजी परिवार (दिल्ली) द्वारा अन्य सभी मंदिरों में ध्वजारोहण संपन्न किया गया।
प्रातः 6:30 बजे अभिषेक, शांतिधारा एवं नित्य नियम पूजन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मूलनायक भगवान सम्भवनाथ का मंडल विधान जीवनलाल जैन परिवार (गोयल नगर, इंदौर) द्वारा भक्तिभाव से संपन्न किया गया। मंडल विधान की आकर्षक रंगोली रचना बड़वाह के ऋषभ जैन, संजय जैन मोहना, मनीष जैन, पूर्णिमा जैन, वैशाली जैन एवं मीतू जैन द्वारा की गई।
इसके पश्चात विमानोत्सव एवं घटयात्रा आयोजित की गई, जिसमें भगवान को विराजमान करने का सौभाग्य नवल जैन, अशोक जैन, प्रवीण जैन, रूपेश पहाड़िया एवं अतुल जैन को प्राप्त हुआ।
108 स्वर्ण-रजत कलशों से भव्य महामस्तकाभिषेक
दोपहर 12:30 बजे भगवान बाहुबली का 108 स्वर्ण एवं रजत कलशों से भव्य महामस्तकाभिषेक संपन्न हुआ। अभिषेक के साथ समस्त मंदिरों पर ध्वजारोहण एवं सामूहिक आरती भी संपन्न हुई। कार्यक्रम उपरांत श्रद्धालुओं के लिए वात्सल्य स्वरूचि भोज की व्यवस्था स्व-सहयोग से की गई, जिसमें प्रथम दिवस भोजन स्वर्गीय चिरोजीलाल स्वर्गीय अरुण पहाड़िया परिवार इंदौर व द्वितीय दिवस शांतिलाल कासलीवाल परिवार (भोखाखेड़ी)इंदौर का विशेष आर्थिक सहयोग रहा।
सिद्धवरकूट आध्यात्मिक चेतना का केंद्र _अमित कासलीवाल
क्षेत्र कमेटी अध्यक्ष अमित कासलीवाल (इंदौर) ने अपने उद्बोधन में कहा कि सिद्धवरकूट की महिमा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं, बल्कि यह आध्यात्मिक चेतना का केंद्र है। उन्होंने बताया कि तीर्थक्षेत्र के परिक्रमा पथ एवं अन्य विकास योजनाओं पर कार्य प्रगति पर है और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
वर्किंग ट्रस्टी बाबूलाल जैन (बड़वाह) ने कहा कि व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित रखने हेतु विशेष प्रबंध किए गए थे, जिससे बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कार्यक्रम का संचालन महामंत्री विजय काला ने किया एवं आभार प्रदर्शन राजेन्द्र जैन ‘महावीर’ ने किया।
आयोजन में संतोष जैन ‘मामा’, कैलाश जैन मोटाघर, ललित बड़जात्या, विजय काला,आशीष चौधरी, अमरीश चौधरी, सुनील जैन (खंडवा) सहित समस्त पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सक्रिय रूप से
उपस्थित रहे।
इंदौर की विभिन्न कॉलोनियों से 11 बसों द्वारा श्रद्धालु पहुंचे। निमाड़ क्षेत्र से जैन बस सर्विस (बड़वाह) एवं अमर ज्योति बस सर्विस (सनावद) के सौजन्य से भी बड़ी संख्या में भक्तगण सिद्धक्षेत्र पहुंचे
आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ मेला
भव्य शोभायात्रा, 108 स्वर्ण-रजत कलशों से महामस्तकाभिषेक, ध्वजारोहण, सामूहिक आरती एवं वात्सल्य भोज के साथ सिद्धवरकूट का होली वार्षिक मेला महोत्सव आध्यात्मिक रंगों और अविस्मरणीय भक्तिभाव के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
यह आयोजन श्रद्धा, संगठन और धर्मनिष्ठा का अनुपम उदाहरण बनकर सभी श्रद्धालुओं के हृदय में अमिट छाप छोड़ गया।
राजेन्द्र जैन महावीर
प्रचार संयोजक
श्री दिगम्बर जैन सिद्ध क्षेत्र सिद्धवरकूट कमेटी
9407492577
















