यमुनानगर, 23 जून (डा. आर. के. जैन):
शरीर को पूरी तरह तंदुरुस्त और आकर्षक बनाए रखने में पौष्टिक आहार की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। यदि अपने खानपान पर पूरा ध्यान दिया जाए, तो लंबी उम्र तक शरीर निरोगी बना रहता है, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है और सौंदर्य-आकर्षण में भी बढ़ोतरी होती है। जानकारी देते हुए डा. प्राशुका जैन ने बताया कि तंदुरुस्त रहने और सुंदर दिखने के लिए अपने भोजन में मुख्यत: सब्जियों और फलों को शामिल करना आवश्यक है, लेकिन बहुत कम लोग ही फल-सब्जियों का सेवन प्रचुर मात्रा में करते हैं। इस प्रकार शरीर में पौष्टिक तत्वों की कमी से लोग समय से पहले ही अपना स्वास्थ्य व सौंदर्य खो बैठते हैं। कुल मिलाकर इस तथ्य का हमेशा ध्यान रखें कि आहार से सेहत व सौंदर्य का गहरा रिश्ता है और यदि आहार का ध्यान रखा जाए, तो निश्चित रूप से शरीर निरोगी रहता है तथा सौंदर्य व आकर्षण भी बढ़ता है। उन्होंने बताया कि अपने शरीर को निरोगी व आकर्षक बनाए रखने के लिए कुछ विशेष बातों का ध्यान रखना चाहिए जैसे कि प्रतिदिन सेब खाएं या सेब का जूस पिएं। इससे शारीरिक शक्ति के साथ शारीरिक सौंदर्य भी बढ़ाता है। सेब खाने या सेब का जूस पीने से चेहरा भी खिल उठता है। सेब के रस में शहद मिलाकर प्रतिदिन पीने से शरीर तंदुरुस्त रहता है और सौंदर्य व आकर्षण में बढ़ोतरी होती है। 200 ग्राम आम के रस में इतना ही पानी मिलाकर चीनी और नींबू का रस डालकर शरबत बनाएं। यह आम का शर्बत बहुत ही स्वादिष्ट होता है तथा इसका सेवन करने से शरीर हष्ट-पुष्ट व आकर्षक बनता है। प्रतिदिन 100 ग्राम अंगूर खाने से शरीर हृष्ट.पुष्ट होता है और सौंदर्य निखरकर आंखों की ज्योति तेज हो जाती है। प्रतिदिन सुबह-शाम 1-1 संतरा खाने या 200 ग्राम संतरे का रस पीने से शुष्क और खुरदरी त्वचा कोमल व स्निग्ध होती है और चेहरे का सौंदर्य बढ़ता है। संतरे और नींबू का रस मिलाकर पीने से मसूड़ों से रक्तस्त्राव होने तथा पायरिया रोग में लाभ मिलता है। 200 ग्राम संतरे के रस में 5 से 10 ग्राम नींबू का रस मिलाकर पीने से दांत हमेशा मजबूत और चमकदार बने रहते हैं। किसी जटिल किस्म के रोग से मुक्त होने के बाद शरीर कमजोर होता जाता है, सौंदर्य-आकर्षण धूमिल पड़ जाता है, और रोग प्रतिरोधक क्षमता भी कमजोर हो जाती है। ऐसी दशा में मौसम्मी का जूस पिएं। यह जूस पीने से कमजोरी दूर होती है और शारीरिक बल बढक़र व्यक्तित्व निखर उठता है। 250 ग्राम अमरूद प्रतिदिन दोपहर के समय खाने से कुछ सप्ताह में ही रक्त दोष दूर होकर फोड़े-फुंसियां, खुजली और मुंहासे दूर हो जाते हैं तथा चेहरे पर निखार आ जाता है।
फोटो नं. 1 एच.
जानकारी देती डा. प्राशुका जैन………………..(डा. आर. के. जैन)
एन. सी. सी. कैडेट्स को सरकारी योजनाओं और सामाजिक सेवा के बारे में दी जानकारी
यमुनानगर, 23 जून (डा. आर. के. जैन):
14 हरियाणा बटालियन एन. सी. सी. के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में सामाजिक संस्था के संस्थापक शशि गुप्ता ने कैडेट्स को संबोधित करते हुए सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा युवाओं को सामाजिक सेवा के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग देश की रीढ़ है और उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कैडेट्स से आह्वान किया कि वे सरकारी योजनाओं की जानकारी लें और समाज के हर वर्ग तक उसका लाभ पहुंचाने में सहयोग करें। कार्यक्रम के दौरान डाबर इंडिया लिमिटेड के सौजन्य से गुप्ता द्वारा सभी कैडेट्स को जूस पैकेट वितरित किए गए। यह शिविर कर्नल जर्नैल सिंह एवं कर्नल जितेन्द्र सिंह दहिया के पर्यवेक्षण में आयोजित किया जा रहा है तथा इसमें सूबेदार मेजर जसवंत सिंह एवं एसोसिएट एन. सी. सी. ऑफिसर्स की टीम मेजर ममता ओबेरॉय, फस्र्ट ऑफिसर उमेश प्रताप सिंह, थर्ड ऑफिसर गुरविंदर सिंह और थर्ड ऑफिसर पुनीत कुमार सक्रिय सहयोग दे रहे हैं। इस प्रशिक्षण शिविर में 518 कैडेट्स विभिन्न शिक्षण संस्थानों से भाग ले रहे हैं, जहां उन्हें अनुशासन, शारीरिक प्रशिक्षण एवं सामाजिक जागरूकता से संबंधित गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
फोटो नं. 2 व 3 एच.
मुख्य वक्ता को सम्मानित करते अधिकारी व उपस्थित कैडेट्स……………….(डा. आर. के. जैन)