मरणोपरांत पं. गुलाबचंद्र ‘पुष्प’ को संस्कृति संरक्षक अतिवीराचार्य सम्मान
प्रागैतिहासिक तीर्थक्षेत्र नवागढ़ के निर्देशक ब्र. जय निशान्त, पुष्प परिवार ने ग्रहण किया सम्मान
प्रशस्ति पत्र और तीन लाख रुपये की सम्मान राशि से किया गया सम्मानित
प्रतिष्ठा पितामह गुलाबचंद्र पुष्प का संस्कृति संरक्षण में योगदान अविस्मरणीय : आचार्य अतिवीरसागर
ललितपुर। जनपद के प्रागैतिहासिक तीर्थक्षेत्र नवागढ़ को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाले प्रतिष्ठा पितामह पं. गुलाबचंद्र जी ‘पुष्प’ को मरणोपरांत संस्कृति संरक्षक अतिवीराचार्य सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान देश की राजधानी दिल्ली स्थित केदारनाथ साहनी ऑडिटोरियम में आचार्य श्री अतिवीरसागर जी महाराज के सान्निध्य में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया गया।
इस अवसर पर पुष्प परिवार की ओर से नवागढ़ तीर्थक्षेत्र के निर्देशक एवं पं. गुलाबचंद्र पुष्प के सुपुत्र ब्र. जयकुमार निशान्त सहित परिजनों—इंजी. अभिनव जैन, इंजी. लोहित जैन, इंजी. सुमित जैन, श्रीमती शर्मिला जैन, अनुभूति जैन एवं सोनिया जैन—ने सम्मान ग्रहण किया।
सम्मान स्वरूप तीन लाख रुपये की सम्मान राशि, प्रशस्ति पत्र, श्रीफल, अंगवस्त्र, तिलक, माला एवं ‘बोलती जिनवाणी’ प्रदान की गई।
आचार्य श्री अतिवीरसागर जी महाराज ने अपने उद्बोधन में कहा कि जिस कालखंड में दो–तीन वर्षों में एक पंचकल्याणक होता था, उस समय पं. गुलाबचंद्र जी पुष्प ने पूर्ण शुद्धि एवं आगम सिद्धांतों के अनुरूप स्नेह और वात्सल्य से परिपूर्ण 155 पंचकल्याणक संपन्न कराए। उन्होंने कहा कि नवागढ़ तीर्थ की खोज एवं विकास में पं. पुष्प जी का योगदान अतुलनीय और अविस्मरणीय है। संस्कृति संरक्षण की दिशा में उनकी स्मृति में श्री नवागढ़ गुरुकुलम् की स्थापना कर पुष्प परिवार ने अपने कर्तव्य का अनुकरणीय निर्वहन किया है।
समारोह में उपाध्याय श्री रविंद्र मुनि जी को जिन शासन प्रभावना सम्मान, प्रो. वीरसागर जैन (दिल्ली) को जैन न्याय दर्शन सम्मान तथा पक्षियों के धर्मार्थ चिकित्सालय, लाल मंदिर दिल्ली को जीव दया परोपकार सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन विवेक जैन ने किया एवं आभार समीर जैन ने व्यक्त किया।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर नवागढ़ तीर्थक्षेत्र के अध्यक्ष एडवोकेट सनत जैन, महामंत्री वीरचंद्र जैन नेकौरा, सुरेंद्र सोजना, अशोक मैनवार, प्रचारमंत्री डॉ. सुनील संचय, पं. मनीष जैन संजू, एडवोकेट संदीप सोजना, आनंदी लाल जैन, डॉ. पी.के. जैन, इंद्र कुमार जैन, कपूरचंद्र डुंडा एवं ग्राम प्रधान नाबई (नवागढ़) सहित तीर्थक्षेत्र समिति एवं नवागढ़ गुरुकुलम् समिति ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
समारोह का शुभारंभ ध्वजारोहण से हुआ, जिसका मंगलगान बबीता झांझरी ने किया। इस अवसर पर समाज श्रेष्ठी चक्रेश जैन, स्वदेशभूषण जैन, पं. सनत कुमार, विनोद कुमार रजवांस, डॉ. सोनल जैन, ऋषभ जैन शास्त्री, दीपक शास्त्री, राजेश शास्त्री, पं. मदन जैन (दिल्ली) सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। गरिमामय सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ आचार्यश्री का पिच्छी परिवर्तन एवं पूजन संगीतमय वातावरण में संपन्न हुआ।















