जैन तीर्थ टिकटोली में 29 को होगा भव्य आयोजन
जैन मित्र मण्डल एवं अतिशय मित्र मंडल ने सम्हाली कमान
मुरैना (मनोज जैन नायक) एक हजार वर्ष से भी अधिक प्राचीन जैन तीर्थ अतिशय क्षेत्र टिकटौली दूमदार में 29 दिसम्बर को आयोजित होने जा रहे भगवान शांतिनाथ स्वामी के महामस्तकाभिषेक एवं वार्षिक मेले की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। इस आयोजन में जैन मित्र मण्डल मुरैना एवं अतिशय मित्र मंडल जौरा की विशेष भूमिका रहेगी ।
आयोजन की तैयारियों के संदर्भ में विगत दिवस अतिशय क्षेत्र टिकटोली के अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी की अध्यक्षता में जैन मित्र मण्डल मुरैना द्वारा श्री नसियां जी जिनालय में एक बैठक का आयोजन किया गया । जिसमें सर्व सम्मति से सतेंद्र जैन (खनेता वाले) को आयोजन समिति का मुख्य संयोजक मनोनीत किया गया । शीघ्र ही सभी व्यवस्थाओं के सुचारू संचालन हेतु अलग अलग संयोजक नियुक्त कर कमेटियों का गठन किया जाएगा ।
बैठक का संचालन करते हुए बड़ा जैन मंदिर कमेटी के पूर्व मंत्री एडवोकेट धर्मेंद्र जैन ने बताया कि जैन अतिशय क्षेत्र टिकटोली के जीर्णोद्वार, विकास एवं मेले की तैयारियों को लेकर हम सभी को एकजुटता से कार्य करना होगा । आयोजन की तैयारियों को लेकर काफी विचार विमर्श किया गया । सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया कि विगत वर्ष की भांति इस वर्ष भी जैन मित्र मण्डल मुरैना द्वारा श्रद्धालुओं को टिकटोली भेजने वावत मुरैना से निःशुल्क बसों की व्यवस्था की जाएगी । साथ ही आगंतुक महानुभावों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था स्टालों के माध्यम से कूपनों द्वारा की जाएगी ।
बैठक में श्री शांतिनाथ दिगम्बर जैन त्रिमूर्ति परमोदय अतिशय तीर्थ टिकटोली ने जैन मित्र मण्डल के सभी कार्यकर्ताओं का पचरंगीन पट्टिका, तिलक, माला द्वारा बहुमान किया गया । बैठक के अंत में उपस्थित सभी बंधुओं के वात्सल्य भोज की व्यवस्था की गई ।
प्रतिष्ठाचार्य बा.ब्र. संजय भैयाजी के निर्देशन में होगा आयोजन
वार्षिक मेले के पावन अवसर पर संत शिरोमणि आचार्यश्री विद्यासागरजी महाराज के शिष्य प्रतिष्ठाचार्य बाल ब्रह्मचारी संजय भैयाजी के निर्देशन में अभिषेक, शांतिधारा, शांतिनाथ विधान, श्री जी की भव्य नालकी शोभायात्रा एवं मूलनायक भगवान शांतिनाथ स्वामी के महामस्तिकाभिषेक की सभी क्रियाएं सम्पन्न होगी ।
लकी ड्रॉ से मिलेगा महामस्तकाभिषेक का सौभाग्य
टिकटोली कमेटी के अध्यक्ष राजेंद्र भंडारी ने बताया कि इस पावन अवसर पर आयोजन समिति द्वारा एक लकी ड्रॉ का आयोजन किया जाएगा । जिसमें सोलह सौभाग्यशाली व्यक्तियों को मूलनायक भगवान शांतिनाथ स्वामी के महामस्तिकाभिषेक करने का सौभाग्य प्राप्त होगा । लकी ड्रॉ विजेताओं को आयोजन समिति द्वारा चांदी के कलश एवं पूजन के वस्त्र, हार, मुकुट माला उपहार स्वरूप प्रदान किए जायेगें ।
जंगल में होगा मंगलमय वातावरण
जिला मुख्यालय मुरैना से लगभग 50 किलोमीटर की दूरी पर जौरा के नजदीक प्राचीन जैन तीर्थ के आसपास न कोई बस्ती है, न कोई बाजार आदि है । बियाबान सुनसान, प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण सुरभ्य वातावरण सभी का मन मोह लेता है । जंगल में श्री जिनेन्द्र प्रभु की जय जयकारों से मंगलमय वातावरण निर्मित होगा । सम्पूर्ण भारतवर्ष से हजारों की संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए परिवहन, आवास, स्वल्पाहार, भोजनादि की सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है ।















