जैन नारी शक्ति का गौरव: सरिता एम.के. जैन का स्वर्ण मुकुट अलंकरण, दिल्ली में भव्य समारोह सम्पन्न
दिल्ली, संपूर्ण भारतवर्ष की जैन नारी शक्ति की अग्रणी नेत्री श्रीमती सरिता महेंद्र कुमार जैन (चेन्नई) के स्वर्ण मुकुट अलंकरण एवं गुणानुवाद समारोह का भव्य आयोजन दिल्ली में अत्यंत गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। देशभर से आई महिलाओं की विशाल उपस्थिति ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण से हुआ, जिसे दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती निशा जैन एवं उनकी टीम ने प्रस्तुत किया। तत्पश्चात आकर्षक स्वागत गीत एवं नृत्य के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया गया।
दीप प्रज्वलन का पावन कार्य
राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती विजया ताई रहाटकर एवं
आरएमडी ग्रुप की चेयरपर्सन श्रीमती शोभा धारीवाल द्वारा संपन्न हुआ।
इसके पश्चात महिला महासभा की राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. ज्योत्सना जैन ने स्वागत भाषण देते हुए श्रीमती सरिता जी को महिला सशक्तिकरण का सशक्त उदाहरण बताया और उनके सेवा कार्यों का संक्षिप्त गुणानुवाद करते हुए सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में पूज्य संतों के आशीर्वचन में
परम पूज्य भट्टारक स्वामी स्वस्ति श्री धवलकीर्ति जी महाराज ने सरिता जी के जन-सेवा, जैन पुरातत्व संरक्षण, साहित्य एवं दर्शन के प्रति समर्पण को अद्वितीय एवं विलक्षण बताते हुए कहा कि वे समाज के लिए एक अमूल्य रत्न हैं, जो हर परिस्थिति में तन-मन-धन से सेवा हेतु तत्पर रहती हैं।
वहीं परम पूज्य परंपराचार्य प्रज्ञसागर जी महाराज ने सरिता जी को समाज का मील का पत्थर बताते हुए उनके कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की और उन्हें
“दानवीर श्राविका रत्न” की उपाधि से अलंकृत किया।
मुख्य अतिथि श्रीमती विजया ताई रहाटकर ने भावुक उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि सरिता जी के कार्यों को देखकर यह अनुभव होता है कि अभी बहुत कुछ करना बाकी है। उन्होंने सरिता जी को समाज का गौरव बताते हुए शत-शत नमन किया।
कार्यक्रम का कुशल संचालन डॉ. संगीता विनायका ने किया।
समारोह के अंतर्गत समाज सेवा के प्रेरक कार्य भी किए गए, जिनमें
51 सिलाई मशीनों का वितरण
आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को शिक्षा हेतु ₹21,000 की 10 छात्रवृत्तियाँ प्रदान की गईं
देशभर से आई महिलाओं की उल्लेखनीय सहभागिता रही, जिनमें कोलकाता से मंजू पाटनी, जयपुर से डॉ. रश्मि कोठारी, इंदौर से मीना झांझरी ,सवाई माधोपुर, अजमेर, ग्वालियर, कोटा से सुनीता नागदा, अलीगढ़ से रचना जी, गाजियाबाद एवं समस्त दिल्ली की शाखाओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
समारोह में उपस्थित सभी मुख्य अतिथियों का चंदन-इलायची की माला एवं शाल ओढ़ाकर सम्मान किया गया तथा पूज्य आचार्य श्री द्वारा सभी को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
श्रीमती सरिता एम के जैन: सेवा, समर्पण और नेतृत्व की अद्भुत मिसाल
उल्लेखनीय है कि श्रीमती सरिता एम.के. जैन (चेन्नई) भारतवर्षीय दिगंबर जैन तीर्थ क्षेत्र कमेटी के 125 वर्षों के इतिहास में प्रथम महिला राष्ट्रीय अध्यक्ष बनीं, जिन्हें सर्वसम्मति से यह दायित्व प्रदान किया गया।
साथ ही वर्ष 2018 में श्रवणबेलगोला (कर्नाटक) में आयोजित 12 वर्षीय जैन कुंभ — गोम्मटेश्वर भगवान बाहुबली महामस्तकाभिषेक के राष्ट्रीय अध्यक्ष का दायित्व भी उन्हें
परम पूज्य स्वस्ति श्री चारुकीर्ति भट्टारक महास्वामी द्वारा प्रदान किया गया। उनके नेतृत्व में यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अत्यंत भव्य रूप में संपन्न हुआ।
श्रीमती सरिता एम.के. जैन जैन समाज में सेवा, समर्पण, तीर्थ संरक्षण, मुनि भक्ति एवं जीर्णोद्धार के क्षेत्र में एक प्रेरणास्रोत के रूप में प्रतिष्ठित हैं। उनका व्यक्तित्व नारी शक्ति, संस्कार और समाजसेवा की अनुपम मिसाल प्रस्तुत करता है।
अनुपमा राजेन्द्र जैन महावीर
पूर्णाश्रय, सोलंकी कॉलोनी, सनावद












