जैन एकता के मंच पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हसमुख गांधी सहित चार विभूतियों का किया महावीर अलंकरण सम्मान।

0
2

जैन एकता के मंच पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हसमुख गांधी सहित चार विभूतियों का किया महावीर अलंकरण सम्मान।
दिगम्बर-श्वेताम्बर सोशल ग्रुप फेडरेशन का भव्य आयोजन।

इंदौर।
भगवान महावीर स्वामी के आदर्शों पर आधारित महावीर अलंकरण समारोह में इंदौर जैन समाज की एकजुटता, सेवा भावना और सामाजिक समरसता का प्रेरक दृश्य देखने को मिला। दिगम्बर एवं श्वेताम्बर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के संयुक्त तत्वावधान में भगवान महावीर के 2625वें जन्म कल्याणक अवसर पर भगवान महावीर के दर्शन की वैश्विक प्रासंगिकता पर वृहद संवाद के अवसर पर संगीत कला अकादमी, मनमोहन मेहता ऑडिटोरियम इंदौर में भगवान महावीर जन्म कल्याणक के पूर्व 29 मार्च 2026आयोजित इस भव्य समारोह में मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वरिष्ठ समाजसेवी हसमुख जैन गांधी, चंदनमल जैन चौरड़िया, हंसराज जैन एवं संतोष कुमार जैन को उनके उत्कृष्ट सामाजिक योगदान के लिए ‘महावीर अलंकरण’ प्रदान कर सम्मानित किया।
भगवान महावीर के सिद्धांत आज भी प्रासंगिक
मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान महावीर के अहिंसा, सत्य और अपरिग्रह के सिद्धांत आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं और समाज को सात्विकता एवं नैतिकता की दिशा में प्रेरित करते हैं। उन्होंने जैन समाज की सेवा परंपरा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करते हैं।
जीवन में आचरण ही सच्चा संदेश : स्वप्निल कोठारी
आयोजन समिति के अध्यक्ष स्वप्निल कोठारी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि भगवान महावीर का संदेश केवल विचारों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसे जीवन में आचरण के रूप में उतारना आवश्यक है। यह आयोजन समाज में एकता, सेवा और विश्व बंधुत्व की भावना को सुदृढ़ करता है। आयोजन समिति की ओर से स्वागत भाषण महावीर ट्रस्ट मध्य प्रदेश के अध्यक्ष अमित कुमार सिंह कासलीवाल ने दिया, दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन की ओर से राकेश विनायका एवं श्वेतांबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन की ओर से विजय मेहता ने संबोधित करते हुए इस आयोजन में जैन एकता की प्रासंगिकता को बताते आयोजन को इंदौर नगर का सौभाग्य बताया। कार्यक्रम का संचालन प्रदीप चौधरी व दिव्यादित्य कोठारी ने किया।
इस अवसर पर मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक रमेश मेंदोला सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी आयोजन समिति राजेश चेलावत अग्निबाण,विजय मेहता, पुष्पा प्रदीप कासलीवाल, मनोहर झांझरी,मनीष सुराना, विमल नाहर ,अमित कासलीवाल, राकेश विनायका,शिखरचंद बाफना, सुशील पांड्या ,प्रदीप चौधरी सहित अनेक समाजसेवी एवं समाजजन बड़ी संख्या में शामिल हुए।

विश्व रिकॉर्ड पुस्तक दिगंबर जैन तीर्थ निर्देशिका मुख्यमंत्री को भेंट
समाजसेवी हसमुख जैन गांधी ने मुख्यमंत्री को उनके द्वारा संपादित ‘दिगंबर जैन तीर्थ निर्देशिका’ भेंट की। उन्होंने अवगत कराया कि इस पुस्तक की एक लाख प्रतियों का विश्व रिकॉर्ड ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज हुआ है। मुख्यमंत्री ने इस उपलब्धि की सराहना करते हुए श्री गांधी को प्रोत्साहित किया।
समारोह ने यह संदेश दिया कि भगवान महावीर के सिद्धांतों को अपनाकर समाज में एकता, शांति और सेवा की भावना को और अधिक सुदृढ़ किया जा सकता है।

राजेन्द्र जैन महावीर
पूर्णाश्रय, सनावद
9407492577
चित्र
सम्मान अवसर का

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here