जेएसी मुरैना जागृति और जैन महिलाओं ने दिए ढेरों उपहार

0
4

जेएसी मुरैना जागृति और जैन महिलाओं ने दिए ढेरों उपहार
जरूरतमंद परिवार की मदद को एक बार फिर बढ़ाया हाथ

मुरैना (मनोज जैन नायक) पीड़ित मानव सेवा एवं जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए तत्पर महिलाओं के संगठन ने एक बार फिर जरूरतमंद परिवार की मदद कर एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया ।
महिलाओं के स्वयं सेवी संगठन जेएसी मुरैना जागृति और जैन समाज की महिलाओं ने एक बार फिर एक जरूरतमंद परिवार की बेटी के ब्याह में सहयोग करके अपने सेवा संकल्प का परिचय दिया है। महिलाओं ने परिवार को न सिर्फ नकद धनराशि प्रदान की, बल्कि घर-गृहस्थी में काम आने वाले तमाम उपहार भी प्रदान किये।
जेएसी मुरैना जागृति की फाउंडर प्रेसिडेंट भावना जैन को आर्थिक रूप से कमजोर एक परिवार की बेटी के विवाह में मदद का प्रस्ताव कुछ दिन पहले मिला। हमेशा की तरह सकारात्मक रुख के साथ उन्होंने यह बात अपने संगठन की पदाधिकारियों और सदस्यों के समक्ष रखी तो सभी इस काम में सहयोग के लिए सहर्ष तैयार हो गईं। इसके अलावा जैन समाज की सेवाभावी महिलाओं से भी इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने भी इस नेक काम में साथ देने का वादा किया।
इसके बाद सभी महिलाएं शिद्दत के साथ बेटी के ब्याह के लिए जरूरी सामान उपलब्ध कराने में जुट गईं। देखते ही देखते उपहारों का ढेर लग गया। इसके अलावा नकद धनराशि के रूप में 5100 रुपये भी महिलाओं ने उस बिटिया को दिए, जिसका विवाह होने वाला है। बारात के आगमन के समय दरवाजे पर रखे जाने वाले बर्तन आचार्य आनंद क्लब अम्बाह की ओर से प्रदान किये गए।
सोमवार को जेएसी मुरैना जागृति और जैन समाज की महिलाओं ने ये तमाम उपहार और नकद राशि बिटिया के परिवार को सौंपी। तंगहाली के आलम में उम्मीद से अधिक सहयोग पाकर परिवार के सदस्य अविभूत हो उठे।
समाजसेवी महिलाओं ने बेटी के विवाह में एक अलमारी, एक डायनिंग टेबल, डिनर सेट, दरवाजे के बर्तन, डेढ़ दर्जन साड़ियां, लहंगा, मेकअप किट, ज्वेलरी सेट, चांदी के आभूषण, चांदी का सिक्का सहित गृहस्थी में काम आने वाले अन्य आइटम्स भेंट किये हैं। महिलाओं ने कहा कि जरूरतमंद लोगों के सहयोग का संकल्प हमेशा बना रहेगा। ईश्वर ने यदि हमको इस काबिल बनाया है तो यह हमारा सौभाग्य है। समाज में जो लोग सक्षम हैं, उन्हें दूसरों के सहयोग के लिए तैयार रहना ही चाहिए। परिवार को उपहार भेंट करते वक्त जेएसी परिवार की नीता बांदिल और सपना बंसल, श्वेता मौजूद रहीं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here