ज्ञानतीर्थ मुरैना में 05 अप्रैल को होगी एपीपीएस की राष्ट्रीय बैठक
सम्पूर्ण भारत से एक सैकड़ा से अधिक सजातीय बंधु होगें सम्मिलित
मुरैना (मनोज जैन नायक) जैसवाल जैन उपरोचियां समाज की सेवा भावी संस्था अविवाहित प्रतिभाएं प्रस्तुति समूह की राष्ट्रीय बैठक रविवार 05 अप्रैल को ज्ञानतीर्थ मुरैना में होने जा रही ।
अविवाहित प्रतिभाएं प्रस्तुति समूह के राष्ट्रीय संयोजक अजय जैन शिवपुरी, रवींद्र जैन जमूसर भोपाल, रूपेश जैन दिल्ली ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि अखिल भारतीय जैसवाल जैन समाज की राष्ट्रीय संस्था अविवाहित प्रतिभाएं प्रस्तुति समूह विवाह योग्य सजातीय बच्चों के सगाई संबंध कराने के लिए प्रयासरत रहती है । संस्था ने अभी कुछ वर्ष पूर्व सम्पूर्ण भारत वर्ष से 2000 से अधिक विवाह योग्य बच्चों के बायोडेटा एकत्रित कर एक बहुरंगीन परिचय पुस्तिका का प्रकाशन किया था । संस्था द्वारा प्रत्येक रविवार को सोशल मीडिया के माध्यम से भी बच्चों के बायोडेटा प्रकाशित किए जाते हैं । साथ ही संस्था द्वारा जैसवाल जैन परिणय एप का संचालन भी किया जाता है । एप में अधिकांशतः विवाह योग्य बच्चों का बायोडाटा समाहित किया गया है ।
एपीपीएस के मीडिया संयोजक मनोज जैन नायक मुरैना द्वारा प्रदत्त जानकारी के अनुसार अविवाहित प्रतिभाएं प्रस्तुति समूह की राष्ट्रीय बैठक ए बी रोड (धौलपुर – आगरा) हाइवे पर स्थित श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन ज्ञानतीर्थ क्षेत्र मुरैना में रविवार 05 अप्रैल को प्रातः 10 बजे से होने जा रही है । जिसमें सम्पूर्ण भारतवर्ष की विभिन्न शैलियों से लगभग एक सैकड़ा संरक्षक एवं क्षेत्रीय संयोजकों के सम्मिलित होने की संभावना है ।
उक्त बैठक में संस्था के आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने पर गहन विचार विमर्श किया जाएगा । संस्था द्वारा सम्पूर्ण भारतवर्ष से 3000 से अधिक सजातीय विवाह योग्य बच्चों के बायोडेटा एकत्रित कर आगामी समय में परिचय पुस्तिका का प्रकाशन प्रस्तावित है। बायोडाटा एकत्रित करने का कार्य जुलाई तक पूर्ण होने की संभावना है ।
संस्था का मुख्य उद्देश्य देश के दूरदराज क्षेत्रों में निवासरत सजातीय बंधुओं को विवाह योग्य बच्चों की सम्पूर्ण जानकारी देना है । ताकि उन्हें अपने बच्चों के संबंध तय करने में इधर उधर भटकना न पड़े । अभी तक जैसवाल जैन परिणय एप, परिचय पुस्तिका एवं रविवारीय बायोडाटा प्रस्तुति से हजारों संबंध तय हो चुके हैं।
मुरैना ज्ञानतीर्थ पर रविवार 05 मार्च को आयोजित बैठक में नवीन बायोडाटा परिचय पुस्तिका के प्रकाशन, जैसवाल जैन परिणय एप में सुधार एवं परिचय सम्मेलन जैसे विषयों पर गहन विचार विमर्श किया जाएगा ।
बैठक की व्यवस्थाओं के संदर्भ में ज्ञानतीर्थ पर तैयारियां प्रारंभ कर दीं गईं है । आने वाले प्रतिनिधियों के लिए परिवहन, आवास एवं चाय नाश्ता। भोजनादि की सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बैठक की सभी व्यवस्थाओं का सुचारू संचालन मुरैना शैली के संरक्षक एवं क्षेत्रीय संयोजकों के जिम्मे रहेगा ।
अविवाहित प्रतिभाएं प्रस्तुति समूह के संरक्षक राजेंद्र भंडारी, महेशचंद्र बंगाली, उद्यमी पवन जैन, अजय जैन खबरौली, मीडिया संयोजक मनोज जैन नायक, मुरैना शैली के क्षेत्रीय संयोजक अनूप भंडारी, प्रवीण जैन बड़े, दिनेश जैन डीसी, अतुल जैन स्क्रैप, रमाशंकर नायक, एडवोकेट धर्मेंद्र जैन, बृजेश जैन दादा, मुकेश जैन पप्पू, मयंक जैन कलकत्ता ने सभी संरक्षकों एवं क्षेत्रीय संयोजकों से अधिकाधिक संख्या में बैठक में उपस्थित होने की अपील की है ।















