देश के सबसे कीमती पत्थर एवं धातुओं से बनेगी जिन बिम्बों की प्रतिमाएं जयपुर के दिगम्बर जैन मंदिर में होंगी विराजमान

0
2

देश के सबसे कीमती पत्थर एवं धातुओं से बनेगी जिन बिम्बों की प्रतिमाएं जयपुर के दिगम्बर जैन मंदिर में होंगी विराजमान

श्रमण मुनि आदित्य सागर

देश में पहली बार —32 मंदिरों की 500 जिन प्रतिमाओं की एक साथ होगी प्राण प्रतिष्ठा

जयपुर की पुण्यधरा बनेगी साक्षी ऐतिहासिक पंचकल्याणक महोत्सव की भव्यता की

कार्यक्रम में 9 नवम्बर से 15 नवम्बर तक होगा विशाल नेमिनाथ जिन बिम्ब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव

8 नवम्बर को होगा पिच्छिका परिवर्तन समारोह

फागी संवाददाता
जयपुर-29 अक्टूबर –
भारत की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक परंपराओं में एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ने जा रहा है पवित्र नगरी जयपुर की पावन धरा पर इस वर्ष एक ऐतिहासिक और अप्रतिम आयोजन होने जा रहा है — देश में पहली बार 500 जिन प्रतिमाओं की एक साथ प्राण प्रतिष्ठा का शुभ अवसर। यह दिव्य आयोजन पट्टाचार्य विशुद्ध सागर मुनिराज के परम प्रभावत शिष्य, महाश्रमण 108 आदित्य सागर महाराज संघ के पावन सानिध्य में 9 से 15 नवम्बर 2025 तक श्रद्धा और भक्ति के महासागर के रूप में संपन्न होगा।
अद्वितीय आयोजन – श्रद्धा, भव्यता और अध्यात्म का संगम
यह ऐतिहासिक पंचकल्याणक महोत्सव पंचकल्याणक प्रबंधकारिणी समिति,श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर कीर्ति नगर द्वारा आयोजित किया जा रहा है कार्यक्रम में समिति के अध्यक्ष प्रेम कुमार जैन और महामंत्री जगदीश जैन ने बताया कि यह आयोजन टोंक रोड स्थित मुंशीमहल गार्डन में भव्य स्तर पर आयोजित किया जाएगा, जहां लगभग 11,000 वर्ग फीट क्षेत्रफल में सुसज्जित पांडाल का निर्माण झांसी के प्रसिद्ध कारीगरों द्वारा किया जा रहा है,सम्पूर्ण पांडाल को नए पवित्र वस्त्रों और पारंपरिक सजावटों से सजाया जा रहा है, जिससे यह स्थल एक जीवंत तीर्थ के रूप में रूपांतरित हो जाएगा।
अलौकिक प्राण प्रतिष्ठा – रत्नों और श्रद्धा से सुसज्जित प्रतिमाएँ
पंचकल्याणक महोत्सव के संरक्षक शिरोमणि दीक्षांत हाड़ा ने बताया की इस महोत्सव का प्रमुख आकर्षण होगा –

1. देश की सबसे विशाल स्फटिक (इस्फ़िटिक) की भगवान पार्श्वनाथ प्रतिमा
2. ⁠स्वर्ण एवं बहुमूल्य रत्नों से निर्मित जिन प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा

मुनि आदित्य सागर महाराज ने प्रेस कांफ्रेंस में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक नहीं, बल्कि आध्यात्मिक ऊर्जा और सांस्कृतिक एकता का विराट पर्व बनने जा रहा है, जो विश्व जैन समाज के लिए गौरव का विषय होगा,उन्होंने बताया कि देश की सबसे मंहगी भगवान की प्रतिमा जयपुर के जैन मंदिरों में विराजमान होगी। पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव से श्रद्धालुओं की धर्म के प्रति प्राथमिकता एवं प्रभावना बढेगी,मुनि आदित्य सागर के सानिध्य में आध्यात्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में – प्रचार मंत्री आशीष बैद ने बताया कि महोत्सव की शुरुआत 8 नवम्बर को मुनिश्री की पवित्र “पिच्छिका परिवर्तन समारोह” से होगी, जिसमें देशभर से 2000 से अधिक श्रावक श्राविकाएँ भाग लेंगी।
कार्यक्रम में मुख्य समन्वयक प्रचार-प्रसार विनोद जैन कोटखावदा के मुताबिक इसके पश्चात 9 से 15 नवम्बर तक सात दिवसीय पंचकल्याणक अनुष्ठान अत्यंत भव्य रूप में संपन्न होंगे जिनमें —
9 नवम्बर – उपनयन संस्कार, 10 नवम्बर – गर्भ कल्याणक (पूर्वार्द्ध)
11 नवम्बर – गर्भ कल्याणक (उत्तरार्ध)
12 नवम्बर – जन्म कल्याणक, 13 नवम्बर – तप कल्याणक
14 नवम्बर – ज्ञान कल्याणक, 15 नवम्बर – मोक्ष कल्याणक
होगा।
प्रत्येक दिन प्रातः 6 बजे शांतिधारा, अभिषेक और पूजन के साथ मुनि आदित्य सागर महाराज के मंगलमय प्रवचन एवं आशीर्वचन होंगे।संध्या काल में मुनिश्री की आरती, इंद्र सभा, तथा सांस्कृतिक एवं भक्ति संगीत कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें श्रद्धालु समाज भावपूर्वक भाग लेंगे इन प्रतिष्ठित 500 जिन प्रतिमाओं को देश के 32 जैन मंदिरों में विराजमान किया जाएगा स्फटिक का नन्दीश्वर द्वीप भारत में पहली बार जयपुर में विराजमान होगा, विश्व की सबसे बड़ी खडगासन प्रतिमा भगवान पार्श्वनाथ की जो स्फटिक मणि की बनेगी जयपुर में विराजमान होगी, ये सारी जिन प्रतिमाएं बनाने के लिए भारत के साथ अफगानिस्तान, ब्राजील आदि देशों से भी पत्थर मंगाया गया है सारी प्रतिमाएं जयपुर में ही निर्मित की जा रही है। लगभग ढाई साल से इन मूर्तियों का निर्माण कार्य चल रहा है, कसौटी पत्थर की भी प्रतिमा बनाई जा रही है।
समाज की एकता और श्रद्धा का अनोखा प्रतीक
इस महोत्सव के माध्यम से सम्पूर्ण जैन समाज के साथ-साथ जयपुर वासी भी एक महान आध्यात्मिक अवसर के साक्षी बनेंगे,यह आयोजन न केवल आस्था का पर्व है, बल्कि संघ-एकता, श्रद्धा और अहिंसा के संदेश को जन-जन तक पहुँचाने का माध्यम भी बनेगा।
संवाददाता सम्मेलन के इस मौके पर पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव के बहुरंगीय पोस्टर का विमोचन किया गया, इस मौके पर विनोद जैन कोटखावदा, आशीष बैद, पाली विधायक भीम राज भाटी, राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्या श्रीमती सुमित्रा जैन पाली, नीरज काला, जैन गजट के राजाबाबू गोधा आदि उपस्थित थे।

राजाबाबू गोधा जैन महासभा मिडिया प्रवक्ता राजस्थान

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here