भगवान आदिनाथ की जयंती पर शीलोदय तीर्थ क्षेत्र में भव्य आयोजन
सीलोर। शीलोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र में जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ की जयंती श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाई गई।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल 108 कलशों से महामस्ताभिषेक के साथ हुई। इसके पश्चात श्रद्धालुओं द्वारा शांतिधारा का आयोजन किया गया। शांतिधारा का सौभाग्य नरेश गंगवाल (बड़े बाबा ट्रेडिंग कंपनी), मनोज कोटिया (अरिहंत रेडीमेड), पदमजी वकील, मनोहर लाल पाटनी तथा प्रकाश सेठिया (सांगोद) को प्राप्त हुआ।
दोपहर में विधानाचार्य मयंक जी शास्त्री के सानिध्य में संगीतमय भक्तामर महामंडल विधान विधि-विधान के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर महिलाओं ने नृत्य के साथ धार्मिक प्रस्तुतियां भी दीं, जिसने उपस्थित श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के बाद श्रद्धालुओं के लिए सामूहिक भोज का आयोजन भी किया गया।
शीलोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र कमेटी के अध्यक्ष टीकम जैन ने बताया कि भगवान आदिनाथ, जिन्हें ऋषभदेव भी कहा जाता है, जैन धर्म के पहले तीर्थंकर हैं। जैन परंपरा में उनका विशेष महत्व है क्योंकि उन्होंने मानव समाज को धर्म, संस्कृति और जीवन जीने की विधि का मार्ग दिखाया।
कमेटी के महामंत्री सुनील सेठिया ने जानकारी दी कि प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ का जन्म अयोध्या के राजा नाभिराय के घर चैत्र कृष्ण नवमी को हुआ था। इसी दिन को आदिनाथ जयंती के रूप में मनाया जाता है।
सायंकाल बेला में भक्तामर पाठ एवं महाआरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बूंदी सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु तीर्थ क्षेत्र में दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे।
कार्यक्रम में शीलोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र कमेटी के कोषाध्यक्ष विमल पटवारी, नरेंद्र कोटिया, रमेश जैन,
राजेंद्र छाबड़ा, मनोज सेठिया, सकल जैन समाज के अध्यक्ष महावीर धनोप्या, संजय जैन,अशोक जैन, सुनील हरसोरा सहित अनेक गणमान्य धर्मप्रेमी उपस्थित रहे।
रविंद्र काला जैन गजट संवाददाता बूंदी














