वर्णी जी की 153वी जयंती हर्षोल्लास पूर्वक मनाई गई
वर्णी जी की प्रेरणा से 1917 में साढूमल में जला था शिक्षा का दीप
विद्यालय के पांच स्नातक राष्ट्रपति पुरस्कार से हो चुके हैं सम्मानित
मेधावी विद्यार्थियों को किया पुरस्कृत, हुए सांस्कृतिक आयोजन
साढूमल। श्री महावीर दिगम्बर जैन संस्कृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं श्री गणेश वर्णी छात्रावास, साढूमल में पूज्य गणेश प्रसाद वर्णी जी की 153वीं जयंती श्रद्धा, उत्साह और विविध आयोजनों के साथ मनाई गई। इस अवसर पर प्रभातफेरी, मंगलाचरण, दीप प्रज्ज्वलन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विचार गोष्ठी एवं पुरस्कार वितरण सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वर्णी जी के जीवन, शिक्षा और संस्कारों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।
समारोह का शुभारंभ छात्रा मंजरी कुशवाहा के मंगलाचरण से हुआ। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं वर्णी जी के चित्र का अनावरण कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। वहीं प्रातःकाल विद्यालय परिसर से प्रभातफेरी भी निकाली गई।
शिक्षा के साथ संस्कारों को जीवन में उतारें
समारोह में विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं आमंत्रित अतिथियों ने गणेश प्रसाद वर्णी जी के जीवन, त्याग, सादगी, शिक्षा, संस्कार और समाजसेवा पर विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे वर्णी जी के जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा के साथ संस्कार, अनुशासन, स्वावलंबन और सदाचरण को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं।
विद्यालय के हेड ट्रस्टी डॉ. सुनील जैन भोपाल ने कहा कि पूज्य गणेश प्रसाद वर्णी जी ने देशभर में अनेक शिक्षण संस्थाओं एवं गुरुकुलों की स्थापना और विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी प्रेरणा से 1917 में साढूमल में लक्ष्मीचंद्र रईस बमराना द्वारा इस विद्यालय का शुभारंभ किया गया था। तब से लेकर आज तक यहां से सैकड़ों विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर विभिन्न क्षेत्रों में उच्च पदों पर पहुंचकर समाज एवं राष्ट्र की सेवा कर रहे हैं।
शिरोमणि जैन, झांसी ने कहा कि इस विद्यालय से शिक्षा प्राप्त करने वाले पांच स्नातक राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित हो चुके हैं। इसके अलावा विद्यालय के अनेक पूर्व विद्यार्थी मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल स्तर पर भी सम्मानित हुए हैं। यह संस्था के लिए गौरव का विषय है।
ट्रस्टी डॉ. सुनील जैन ‘संचय’ ने कहा कि मड़ावरा के निकट हँसेरा ग्राम में जन्मे पूज्य गणेश प्रसाद वर्णी जी का स्वतंत्रता संग्राम में भी उल्लेखनीय योगदान रहा। उन्होंने बताया कि जबलपुर में आयोजित एक आमसभा में स्वतंत्रता आंदोलन के सेनानियों की सहायता के लिए वर्णी जी ने अपनी चादर तक समर्पित कर दी थी। उस चादर से तत्काल तीन हजार रुपये की राशि प्राप्त होना उनके त्याग, प्रभाव और राष्ट्रप्रेम का उल्लेखनीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि भारतीय प्राच्य विद्याओं के संरक्षण एवं संवर्धन में वर्णी जी का योगदान इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।
ट्रस्टी सुधीर जैन ने कहा कि वर्णी जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को समझने के लिए उनकी आत्मकृति ‘मेरी जीवन गाथा’ का अध्ययन सभी को करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार महात्मा गांधी की ‘सत्य के प्रयोग’ उनके जीवन और विचारों को समझने का महत्वपूर्ण माध्यम है, उसी प्रकार वर्णी जी की ‘मेरी जीवन गाथा’ उनके संघर्ष, स्वावलंबन, व्यक्तित्व और आध्यात्मिक जीवन को समझने की महत्वपूर्ण कृति है।
मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित
संस्था के पूर्व हेड ट्रस्टी स्वर्गीय सेठ सनत कुमार जैन की पुण्यतिथि के अवसर पर सेठ परिवार की ओर से विद्यालय की विभिन्न कक्षाओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को शील्ड एवं पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के संस्थापक परिवार के परिजन हेड ट्रस्टी डॉ. सुनील जैन भोपाल, डॉ. ज्योति जैन भोपाल, ट्रस्टी सुधीर जैन सेठ झांसी, किशोरकांत गोरावाला वाराणसी, मृदुला गोरावाला, मंजुला जैन, अचला जैन, प्रमिला जैन, सलिला जैन, शिरोमणि जैन, प्रीति जैन आदि ने विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया।
जनपद स्तरीय संस्कृत गीत गायन प्रतियोगिता में विद्यालय का नाम गौरवान्वित करने वाली छात्रा कंचन कुशवाहा को भी विशेष पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान शुगर एवं ब्लड प्रेशर आदि की नि:शुल्क जांच भी की गई।
‘अंतर्मन का आलोक’ का विमोचन
समारोह के दौरान डॉ. सुनील जैन ‘संचय’ की कृति ‘अंतर्मन का आलोक’ का अतिथियों एवं विद्यालय के पदाधिकारियों द्वारा विमोचन किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के पूर्व विद्यार्थी, राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी प्रो. खुशाल चंद्र जैन गौरावाला का स्मृति ग्रंथ उनके सुपुत्र किशोरकांत गोरावाला, वाराणसी ने विद्यालय के पुस्तकालय हेतु समिति को भेंट किया।
शिक्षकों और विद्यार्थियों का भी हुआ सम्मान
समारोह का कुशल संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिषेक कुमार जैन शास्त्री ने किया तथा आभार विद्यालय के मंत्री जीवन कुमार जैन ने व्यक्त किया। अतिथियों का स्वागत प्रबंधक एडवोकेट धन्यकुमार जैन, अध्यक्ष वर्द्धमान जैन, मंत्री जीवन कुमार जैन, कोषाध्यक्ष दीपक कुमार जैन, संरक्षक कमल कुमार जैन, राजेंद्र जैन, देवांशु जैन, प्रकाश चंद्र जैन, मंजू जैन आदि ने किया।
आयोजन को सफल बनाने में प्रधानाचार्य अभिषेक शास्त्री, विज्ञान शिक्षक नरेंद्र नामदेव, संस्कृत शिक्षक शीलचंद्र जैन, सामाजिक विज्ञान शिक्षक सुरेंद्र जैन, गणित शिक्षक संजय सेन, नागरिक शास्त्र शिक्षक भूपेंद्र नामदेव, अंग्रेजी शिक्षिका बबली कुशवाहा, हिंदी शिक्षिका सुहानी तथा गृह विज्ञान शिक्षिका तनाज करीम खान सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का योगदान रहा।
समारोह में उत्कृष्ट योगदान के लिए सभी शिक्षकों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को भी पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।












