श्री सम्मेद शिखर जी की पवित्रता, सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण की मांग को लेकर राज्यपाल महोदय से मिले श्री भारतवर्षीय दिगम्बर जैन महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री गजराज जैन गंगवाल

0
9

श्री सम्मेद शिखर जी की पवित्रता, सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण की मांग को लेकर राज्यपाल महोदय से मिले श्री भारतवर्षीय दिगम्बर जैन महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री गजराज जैन गंगवाल

रांची, 02 नवंबर 2026। झारखंड के गिरिडीह जिले में स्थित जैन धर्म के सर्वोच्च एवं पावन तीर्थस्थल श्री सम्मेद शिखर जी की धार्मिक पवित्रता, पहचान, सुरक्षा एवं प्राकृतिक स्वरूप के संरक्षण को लेकर श्री भारतवर्षीय दिगम्बर जैन महासभा ने महत्वपूर्ण पहल की है।

इसी क्रम में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री गजराज जैन गंगवाल जी के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने रांची स्थित लोक भवन में झारखंड के महामहिम राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार जी से शिष्टाचार भेंट की तथा श्री सम्मेद शिखर जी की पवित्रता, सुरक्षा एवं पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करने के संबंध में विस्तृत ज्ञापन सौंपा।

इस शिष्टमंडल में महासभा के संयुक्त महामंत्री श्री संजय पाटनी जी, दिगम्बर जैन पंचायत, रांची के अध्यक्ष श्री प्रदीप बाकलीवाल जी, मंत्री श्री जितेंद्र छाबड़ा जैन जी तथा पूर्व अध्यक्ष श्री पूरणमल जी सेठी, श्री उमेदमल जी काला एवं श्री नरेंद्र पंड्या जी (ट्रस्टी, श्री भारतवर्षीय दिगम्बर जैन महासभा चेरिटेबल ट्रस्ट) प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

जैन समाज की सर्वोच्च आस्था का केंद्र है श्री सम्मेद शिखर जी

प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल महोदय को अवगत कराया कि श्री सम्मेद शिखर जी केवल एक तीर्थस्थल नहीं, बल्कि समस्त जैन समाज की अनंत आस्था, श्रद्धा एवं आध्यात्मिक चेतना का सर्वोच्च केंद्र है। जैन मान्यताओं के अनुसार चौबीस तीर्थंकरों में से बीस तीर्थंकरों ने इसी पवित्र पर्वतराज से मोक्ष प्राप्त किया है। अनेक सिद्धात्माओं की निर्वाण स्थली होने के कारण इसका प्रत्येक कण जैन समाज के लिए अत्यंत पूजनीय एवं वंदनीय है।

यह पावन तीर्थ देश-विदेश के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, जहां वर्षभर श्रद्धालु अत्यंत श्रद्धा एवं भक्तिभाव से तीर्थ वंदना हेतु पहुंचते हैं।

तीर्थ की पवित्रता एवं सुरक्षा के लिए रखीं प्रमुख मांगें

महासभा द्वारा सौंपे गए ज्ञापन में प्रमुख रूप से निम्नलिखित विषयों पर प्रभावी कार्रवाई का आग्रह किया गया—

श्री सम्मेद शिखर जी की धार्मिक पहचान एवं पवित्रता अक्षुण्ण बनाए रखने हेतु आवश्यक कदम उठाए जाएं।

पर्वतराज एवं संपूर्ण तीर्थ क्षेत्र में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

पर्वतराज में प्रवेश के प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती एवं नियमित जांच की व्यवस्था की जाए।

तीर्थ क्षेत्र के प्राकृतिक स्वरूप, पर्यावरण एवं स्वच्छता का विशेष संरक्षण किया जाए।

देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा सहायता एवं आवागमन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

तीर्थ की धार्मिक मर्यादा एवं गरिमा के अनुरूप प्रशासनिक निगरानी और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया जाए।

राज्यपाल महोदय ने दिया सकारात्मक आश्वासन

प्रतिनिधिमंडल ने महामहिम राज्यपाल महोदय से अनुरोध किया कि वे जैन समाज की भावनाओं एवं इस सर्वोच्च तीर्थ की धार्मिक महत्ता को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार तथा संबंधित प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान करें, जिससे श्री सम्मेद शिखर जी की पवित्रता, सुरक्षा एवं प्राकृतिक सुंदरता सदैव अक्षुण्ण बनी रहे।

महामहिम राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार जी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा इस विषय पर सकारात्मक आश्वासन देते हुए कहा कि प्रस्तुत मांगों पर आवश्यक कार्रवाई की जायगी। राज्यपाल महोदय के इस आश्वासन से प्रतिनिधिमंडल ने संतोष व्यक्त किया।

महासभा का उद्देश्य है कि यह पावन मोक्षभूमि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी उसी धार्मिक गरिमा, आध्यात्मिक महत्ता एवं प्राकृतिक स्वरूप के साथ सुरक्षित रहे।

श्री भारतवर्षीय दिगम्बर जैन महासभा ने पुनः अपना संकल्प व्यक्त किया कि जैन धर्म की इस सर्वोच्च मोक्षभूमि की पवित्रता, धार्मिक अस्मिता एवं सुरक्षा के संरक्षण हेतु महासभा सदैव सजग, प्रतिबद्ध एवं सक्रिय रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here