क्षपणासार ग्रंथ पर राष्ट्रीय विद्वत् संगोष्ठी में गहन ज्ञान-मंथन
क्षपणासार ग्रंथ पर राष्ट्रीय विद्वत् संगोष्ठी में गहन ज्ञान-मंथन
देशभर से आए विद्वानों ने कर्मक्षय, ध्यान और आत्मशुद्धि के सिद्धांतों पर किया चिंतन
छत्रपति संभाजीनगर : परम पूज्य उच्चारणाचार्य श्री विनम्रसागर जी महाराज के मंगलमय सान्निध्य में श्री खंडेलवाल दिगंबर जैन पंचायत, पार्श्वनाथ मंदिर के तत्वावधान में हिराकाका प्रांगण स्थित श्री आचार्य गुप्तिनंदी जी गुरुदेव सभागृह में आयोजित त्रिदिवसीय राष्ट्रीय विद्वत् संगोष्ठी में देश के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे विद्वानों ने क्षपणासार ग्रंथ के गूढ़ आध्यात्मिक सिद्धांतों पर गहन चिंतन एवं मंथन किया।
संगोष्ठी के द्वितीय दिवस आयोजित सत्रों में कर्म, आत्मा, ध्यान, कर्मक्षय एवं आत्मशुद्धि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विद्वानों ने अपने आलेख प्रस्तुत किए। बाल ब्रह्मचारिणी प्राची दीदी ने अपने आलेख वाचन में कहा कि प्रत्येक संसारी जीव कर्म से संयुक्त है, जबकि शुद्ध जीव कर्मों से रहित होता है। कर्मरहित अवस्था आत्मा के आध्यात्मिक विकास की उच्च अवस्था है। आत्मा जब कर्मबंधन से मुक्त होती है, तब उसके शुद्ध स्वरूप का प्राकट्य होता है।
संगोष्ठी में श्रमणी आर्यिका विमलश्री माताजी ने ध्यान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धर्मध्यान और शुक्लध्यान के माध्यम से क्षपक श्रेणी में जीव कर्मों की क्षपणा करता है। कर्मों के क्षय के साथ जीव अपने शुद्ध स्वरूप की ओर अग्रसर होता है और अंततः जिन अवस्था को प्राप्त करने की दिशा में बढ़ता है।
उन्होंने आत्मा और कर्म के संबंध को स्पष्ट करते हुए बताया कि जिस प्रकार धूल के कण या बादल निर्मल सूर्य के प्रकाश को ढक देते हैं, उसी प्रकार कर्म आत्मा के अनंत ज्ञान एवं शुद्ध स्वरूप को आच्छादित करते हैं। सूर्य का प्रकाश स्वभावतः निर्मल रहता है, उसी प्रकार आत्मा भी स्वभाव से शुद्ध एवं निर्मल है; कर्मों का आवरण उसके वास्तविक स्वरूप को प्रकट नहीं होने देता।
संगोष्ठी में देश के विभिन्न स्थानों से आए 30 से अधिक विद्वानों एवं सरस्वती पुत्रों ने अपने-अपने विषयों पर आलेख प्रस्तुत कर जिनवाणी के गूढ़ सिद्धांतों को सरल एवं तात्त्विक ढंग से समाज के समक्ष रखा। विद्वानों के विचारों से उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं को कर्मसिद्धांत, आत्मस्वरूप तथा आध्यात्मिक साधना के विभिन्न आयामों को समझने का अवसर मिला।
त्रिदिवसीय इस राष्ट्रीय विद्वत् संगोष्ठी का उद्देश्य क्षपणासार जैसे गहन आध्यात्मिक ग्रंथ के सिद्धांतों का अध्ययन, चिंतन एवं मनन कर उन्हें समाज तक पहुंचाना है। आचार्यश्री के मंगलमय सान्निध्य और देशभर से पधारे विद्वानों के ज्ञान-मंथन से छत्रपति संभाजीनगर में आयोजित यह संगोष्ठी जिनवाणी की ज्ञान-परंपरा के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बन रही है।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे और विद्वानों के आलेखों एवं आध्यात्मिक चिंतन का लाभ लिया।














