शक्ति नगर में आचार्य अतिवीर मुनिराज का ऐतिहासिक चातुर्मास कलश स्थापना संपन्न

0
13
प्रशममूर्ति आचार्य श्री १०८ शान्तिसागर जी महाराज (छाणी) परम्परा के प्रमुख संत परम पूज्य आचार्य श्री १०८ अतिवीर जी मुनिराज के राजधानी दिल्ली की धर्मनगरी शक्ति नगर में 21वें मंगल चातुर्मास 2026 हेतु भव्य चातुर्मास कलश स्थापना समारोह का ऐतिहासिक आयोजन दिनांक 2 अगस्त 2026 को व्यापक धर्मप्रभावना के साथ रजवाड़ा पैलेस, जी. टी. करनाल रोड़ में सानंद संपन्न हुआ| समाज के सौभाग्यशाली महानुभावों द्वारा ध्वजारोहण, मंगलाचरण, चित्र अनावरण, जिनवाणी विराजमान, दीप प्रज्जवलन, शास्त्र भेंट व पाद-प्रक्षालन आदि समस्त मांगलिक क्रियाएं डॉ. अरविंद जैन शास्त्री (दिल्ली) के निर्देशन में संपन्न हुईं|
कार्यक्रम के मध्य समाज की महिलाओं व बालिकाओं ने अनेकों प्रेरक व मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने करतल ध्वनि से खूब सराहा| गुरुभक्तों द्वारा आचार्य श्री की अष्ट-द्रव्य के सुसज्जित थाल द्वारा विशेष पूजन किया गया| सौभाग्यशाली परिवारों द्वारा चातुर्मास मुख्य मंगल कलश तथा अन्य विशिष्ट कलश स्थापित किए गए। इस अवसर पर आचार्य श्री द्वारा पिच्छिका परिवर्तन भी किया गया। परम गुरु भक्तों ने पूज्य आचार्य श्री के कर-कमलों में नवीन मयूर पिच्छिका भेंट की। आचार्य श्री की पुरानी पिच्छी प्राप्त करने का सौभाग्य श्री रवि जैन ‘खिलौने वाले’ सपरिवार (अशोक विहार फेज-1) को मिला।
विशाल धर्मसभा को सम्बोधित करते हुए पूज्य आचार्य श्री के कहा कि चातुर्मास बाह्य यात्रा को विराम देकर अंतरंग की यात्रा को गति प्रदान करने का स्वर्णिम अवसर होता है। चातुर्मास का अवसर जीवन को सन्मार्ग की ओर ले जाने का माध्यम है। चातुर्मास का समय श्रमण और श्रावक, दोनों के लिए उपयोगी होता है। संत तो अपनी चर्या समयानुसार करते ही रहेंगे परन्तु श्रावकों को भी इस मौके का फायदा उठाने के लिए घर से निकल संत की चरण-सन्निधि में आना होगा। शक्ति नगर की पावन धरा पर यह चातुर्मास केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आध्यात्मिक जागरण, आत्मशुद्धि और धर्मप्रभावना का विराट महोत्सव सिद्ध हो, सभी नगर वासियों को ऐसा प्रयास करना चाहिए। मंच संचालन सीए विवेक जैन (चांदनी चौक) ने किया तथा अपनी सुमधुर संगीत लहरियों के साथ राम कुमार एण्ड पार्टी (भोपाल) ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
समाज के अनेक गणमान्य व राजनीतिक महानुभावों ने पधारकर पूज्य आचार्य श्री का मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया तथा कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। उल्लेखनीय है कि १३ वर्षों पश्चात् पुनः एक बार पूज्य आचार्य श्री ने शक्ति नगर जैन समाज को चातुर्मास प्रदान कर कृतार्थ किया है। भव्य समारोह में राजधानी दिल्ली की विभिन्न कालोनियों के साथ-साथ गाज़ियाबाद, फरीदाबाद, सोनीपत, बागपत, बड़ौत, खेकड़ा, तिजारा, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेरठ, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, इंदिरापुरम आदि जगह-जगह से पधारे हजारों मुनिभक्तों ने आचार्य श्री के चरणों में श्रीफल अर्पित कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया|

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here