होठों पर सॉरी, दिल में हिसाब—क्या यही क्षमावाणी है? — आचार्य अतिवीर मुनिराज

0
47
होठों पर सॉरी, दिल में हिसाब—क्या यही क्षमावाणी है?
— आचार्य अतिवीर मुनिराज
आजकल ‘सॉरी’ कहना बहुत आसान है… लेकिन सचमुच क्षमा कर देना? शायद उतना ही मुश्किल!
गलती हुई—“सॉरी।”
किसी से बहस हुई—“चलो, सॉरी बोल दिया ना!”
मन में चोट लगी—“ठीक है, मैंने माफ कर दिया…”
लेकिन भीतर कहीं वही शिकायत, वही नाराज़गी और वही पुराना हिसाब-किताब चलता रहता है।
तो फिर जरा ठहरकर सोचिए—क्या होठों से निकला ‘सॉरी’ ही क्षमावाणी है? या क्षमा उससे कहीं गहरी चीज है? जिनागम की दृष्टि से क्षमा माँगना एक औपचारिकता नहीं, आत्मा को निर्मल करने की साधना है। क्षमा किसी दूसरे से माँगी जाने वाली वस्तु मात्र नहीं, बल्कि स्वयं में धारण किया जाने वाला गुण है। क्रोध की आग को बुझाने के लिए क्षमा का शीतल जल चाहिए। लेकिन विडंबना यह है कि हम बाहर से मुस्कुराते हुए “मिच्छामि दुक्कडम्” कह देते हैं और भीतर अपनी शिकायतों की फाइल सुरक्षित रख लेते हैं!
वाणी में क्षमा और मन में कटुता—यही तो क्षमावाणी का सबसे बड़ा विरोधाभास है।
हम अक्सर अपनी गलती को “परिस्थिति” कहकर समझाते हैं और सामने वाले की गलती को “उसका स्वभाव” बताकर फैसला सुना देते हैं। अपनी गलती पर मजबूरी, दूसरे की गलती पर सजा—यह कैसी क्षमा? सच्ची क्षमा वहाँ शुरू होती है, जहाँ ‘मैं सही हूँ’ का अहंकार समाप्त होता है।
क्षमा आत्मा का स्वाभाविक गुण है। हमें क्षमा पैदा नहीं करनी, बल्कि उसके ऊपर जमी क्रोध, मान, माया और लोभ की परतें हटानी हैं। हमारा पुरुषार्थ इसी में होना चाहिए कि हम अपनी कषायों को मंद करें। जब भीतर की मलिनता कम होती है, तो क्षमा बाहर से दिखानी नहीं पड़ती—वह अपने आप वाणी और व्यवहार में झलकने लगती है।
जरा कल्पना कीजिए—यदि मनुष्य सचमुच समय रहते क्षमा करना सीख जाता, तो कितने रिश्ते टूटने से बच जाते, कितने विवाद जन्म लेने से पहले ही समाप्त हो जाते और इतिहास के कितने पन्ने शायद लिखे ही न जाते!
भगवान पार्श्वनाथ स्वामी का जीवन हमें बताता है कि क्षमा कमजोरी नहीं, अद्भुत आत्मबल है। सामने वाला क्षमा माँगे या न माँगे, हमारी क्षमा उस पर निर्भर नहीं होनी चाहिए। क्योंकि क्षमा दूसरे को बदलने से पहले हमें भीतर से बदलती है।
वर्ष में आने वाला क्षमावाणी पर्व हमें केवल एक दिन “माफ कर दीजिए” कहने के लिए नहीं आता। यह हमें बार-बार अपने भीतर झाँकने का अवसर देता है—किससे शिकायत है? किससे नाराज़गी है? किसके प्रति मन में गांठ है? और सबसे महत्वपूर्ण—अपने ही भीतर हमने कितनी गांठें बाँध रखी हैं?
क्षमा माँगना और क्षमा करना—दोनों स्वतंत्र भाव हैं। किसी के “सॉरी” कहने का इंतजार करके अपनी आत्मा को क्रोध में बाँधे रखना भी तो एक प्रकार का बंधन है। और एक क्षमा तो हमें स्वयं से भी माँगनी चाहिए।
उस आत्मा से, जिसे हमने बाहरी सुखों की दौड़ में भुला दिया।
उस शुद्ध स्वरूप से, जिसका चिंतन करने का समय ही नहीं निकाला।
उस अंतरात्मा से, जिसे हमने क्रोध, अहंकार, ईर्ष्या और मोह के नीचे दबा दिया।
प्रकृति भी तो हमें यही सिखाती है। हम धरती को चोट पहुँचाते हैं, वृक्षों को काटते हैं, पशु-पक्षियों को कष्ट देते हैं—फिर भी प्रकृति हर सुबह हमें एक और अवसर देती है। वह बदला नहीं लेती, जीवन देती है। यही क्षमा है।
क्षमा का अर्थ यह नहीं कि गलती को सही मान लिया जाए। क्षमा का अर्थ है—गलती के बोझ को अपने मन पर हमेशा के लिए ढोने से इंकार कर देना। क्षमा का अर्थ है बैर की श्रृंखला को वहीं रोक देना।
जो झुकना जानता है, वही वास्तव में ऊँचा उठता है।
जो क्षमा करना जानता है, वही भीतर से शक्तिशाली बनता है।
और जो अपने अहंकार को छोड़ देता है, वही आत्मा के करीब पहुँचता है।
इस क्षमावाणी पर केवल संदेश न भेजें—अपने मन की ‘डिलीट’ बटन भी दबाएँ। पुराने गिले-शिकवे, मनमुटाव, अहंकार और कटु स्मृतियों का हिसाब बंद करें। क्योंकि क्षमावाणी का असली अर्थ “मैंने तुम्हें माफ किया” नहीं, बल्कि “मैंने अपने मन को बैर से मुक्त किया” है।
आइए, इस क्षमावाणी पर होठों की औपचारिकता नहीं, हृदय की सच्चाई बोलें। अहंकार को झुकाएँ, कषायों को मंद करें, सभी जीवों को अपना मित्र मानें और मन में विश्व-मैत्री का दीप जलाएँ। मन की मलिनता जाए, वाणी की कठोरता जाए, व्यवहार की कुटिलता जाए—तभी क्षमावाणी वास्तव में सार्थक होगी।
अनजाने में, बिन चाहे भी, भूल हमसे हो सकती है,
जीवन के कुछ कठिन पलों में, बुद्धि भी सो सकती है।
ऐसे हर अनजाने क्षण की, भूल हमारी क्षमा करें,
क्षमावाणी के इस पावन पर्व पर, कलुष हृदय को निर्मल करें।
मिच्छामि दुक्कडम्।
For ACHARYA SHRI 108 ATIVEER JI MUNIRAJ
Sameer Jain

C-95, Maharana Pratap Enclave
Britania-Ranibagh Road
Pitampura
Delhi – 110034
Phone – 09910033159
Email – ativeermuni@gmail.com

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here