अभी 11 सितंबर 2026 को भारत मंडपम नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति पुतिन को भारतीय साहित्य के महान ग्रन्थ तिरुक्कुरल के रूसी अनुवाद की प्रति भेंट की। जो दुनिया भर में चर्चा का विषय बन गई।
दरअसल तमिल भाषा का प्राचीन काव्य है “कुरल”। तमिलनाडू की तमिल भाषा प्राकृत और मागधी के समकक्ष अत्यंत प्राचीन और महत्वपूर्ण भाषा है। कुरल का अर्थ एक छोटा छन्द होता है, जिसमे दोहे के समान दो पंक्तियां होती हैं। इसमें कुल 1330 छन्द अर्थात दोहे हैं, कुरल को सम्मान के साथ बोलने के लिए उससे पहले “तिरु” अर्थात “श्री” लगाते हैं, जिससे उसे
“तिरूकुरल” कहते हैं।
“तिरुकुरल” की रचना महान दिगंबर जैन आचार्य कुन्दकुन्द ने अब से लगभग दो हजार वर्ष पूर्व की थी। इसे तमिल भाषा का पांचवा वेद माना जाता है। तिरुकुरल सम्प्रदाय निरपेक्ष ग्रंथ है, इसे वैदिक, बौद्ध, जैन, ईसाई आदि धर्मों के विद्वान अपने-अपने धर्म से सम्बन्द्ध होना मानते हैं। परंतु यह वास्तव में जैन ग्रंथ है, इसके कईं सारगर्भित संकेत मिलते हैं। आचार्य कुन्दकुन्द और सन्त तिरुवल्लुवर एक ही व्यक्ति प्रतीत होते हैं, क्योंकि उनका समय और क्षेत्र एक ही है।
तिरुकुरल में जिन आदि भगवान को नमस्कार किया गया है वे प्रथम तीर्थंकर ऋषभनाथ ही हैं। इसमें भगवान को अष्ट-गुण संपन्न कहा गया है जो सिद्ध परमेष्ठी के आठ मूलगुणों की ओर संकेत करते हैं। पूरे ग्रंथ में अहिंसा, दया, संयम, सत्य, सात्विक जीवनचर्या, परोपकार, दान, न्यायशीलता, तप, त्याग, कुलीनता आदि की महिमा बताई गई है, जो जैन जीवन पद्धति के मुख्य आधार हैं।
यह ग्रन्थ भारतीय साहित्य में ही नही बल्कि विश्व साहित्य में प्रतिष्ठित है। संसार की ऐसी कोई भाषा नही जिसमें इसका अनुवाद न हुआ हो। तमिल भाषा के महान विद्वान, जैन दर्शन के व्याख्याता, शिक्षा शास्त्री स्व.राव बहादुर प्रो.ए.चक्रवर्ती ने कुरल काव्य की व्याख्या लिखी जिसके बारे में उन्होने कहा है कि यह गौरव की बात है कि तमिल में लिखा कुरल काव्य आचार्य कुन्दकुन्द की रचना है, जिन्हे ऐलाचार्य नाम से भी याद किया जाता है। इन मूल टीकाओं को भारतीय ज्ञानपीठ ने अपनी स्थापना के शुरू में ही प्रकाशित किया था।
आचार्य श्री विद्यानंदजी मुनिराज ने 1991-92 में कुन्दकुन्द भारती से भी तिरुक्कुरल को सुंदर रूप में हिंदी में प्रकाशित कराया था। उन दिनों डा. शंकरदयाल शर्मा जी उपराष्ट्रपति थे, मुझे अच्छी तरह याद है – एक दिन उपराष्ट्रपति भवन से टाइम्स आफ इंडिया में साहू रमेश चंद्र जी के पास फोन आया कि कुन्दकुन्द भारती से प्रकाशित तिरुक्कुरल की प्रति उन्हे चाहिए। साहू रमेश जी ने मुझे कुन्दकुन्द भारती भेजकर दो प्रतियां मंगाकर उन्हे भेजी थी।
25 जुलाई 1992 को डा. शंकरदयाल शर्मा जी राष्ट्रपति बने। उसके एक-दो दिन बाद ही मैं टीवी पर उनका इंटरव्यू देख रहा था, जिसमें वे घूमते हुए लाइब्रेरी में गए और इतनी सारी पुस्तकों में से तुरंत ही तिरुक्कुरल निकाल कर दिखाई और हंसते हुए बोले देखो यह तिरुक्कुरल है, उस समय मेरी खुशी का पार न रहा. यह वही प्रति थी जो मैं कुन्दकुन्द भारती से लाया था। शर्माजी को यह पुस्तक बहुत ही प्रिय थी।
मेरे छोटे भाई प्रमोद जैन का विवाह 24 फरवरी 1993 को था, बारात सहारनपुर जिले से तीर्थक्षेत्र बडागांव के निकट खट्ठाप्रहलादपुर आयी थी, मैने कुन्दकुन्द भारती से तिरुक्कुरल की 10-12 प्रतियां लेकर शादी में अपने खास-खास रिश्तेदारों को भेंट की थी, जिसे देखकर सभी बडे प्रसन्न हुए थे। अन्य अनेक स्थानों से भी तिरुक्कुरल का प्रकाशन हुआ है। यह निःसंदेह एक महान नीति परक ग्रंथ है जो घर-घर में पठनीय है।
प्रस्तुतिः रमेश चंद्र जैन एडवोकेट नवभारत टाइम्स नई दिल्ली












