बकस्वाहा। बुन्देलखण्ड के प्रसिद्ध जैन तीर्थक्षेत्र रेशंदीगिरि नैनागिरि एक बार फिर चोरी की वारदात का शिकार हुआ है। बीते 6-7 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात बदमाशों ने भगवान महावीर स्वामी सरोवर में स्थित समवशरण जिनालय मंदिर में फिर बदमाशों ने वारदात को अंजाम देते हुए मंदिर की खिड़की काटकर प्रवेश किया और फिर मंदिर जिनालय में रखा दान पात्र/गुप्त भंडार के ताले काटकर दान की नगदी राशि ले भागे। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है, पुलिस ने अपनी कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार समवशरण जिनालय मंदिर जिनालय क्रमांक 02 के दानपात्र से लगभग 25000/- रुपये की नगदी चोरी कर ली गई । घटना की जानकारी मिलते ही तीर्थ क्षेत्र के मैनेजर, सहायक मैनेजर, चौकीदार एवं अन्य कर्मचारी तुरंत सक्रिय हो गए और तुरंत ही स्थानीय पुलिस चौकी में सूचना दी। इस गम्भीर बारदात को लेकर सम्पूर्ण जैन समाज के साथ ही बुन्देलखण्ड मप्र में आक्रोश बढ़ता जा रहा है, समय रहते अपराधियों का खुलासा नहीं किया गया तो किसी भी तरह के उग्र आन्दोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
सूचना मिलने पर डॉग स्क्वायड एवं अन्य जांचों की मदद से जांच की गई। इसके बाद बड़ामलहरा एसडीओपी रोहित अलावा सहित अन्य अधिकारी भी वारदात स्थल पर पहुँच गये।
पूर्व में भी हुई चोरी
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्षों—2012, 2016, 2021, 2022 , 2023 और पिछले वर्ष 05 जुलाई 2025 को बहुत बड़ी घटना को अंजाम देकर लाखों रुपए की दान राशि ले गए।11-12 नवम्बर 2022 में फिर बड़ी घटना को अंजाम दिया जिसमें कई मंदिरों के ताले काटकर दानपात्र से लाखों रुपयों की राशि के अलावा चादी के 21 छत्र 3 बड़ी छारी बदमाश ले भागे। इसके अलावा अन्य वर्षों में भी इस तीर्थ क्षेत्र में इसी तरह की घटनाएँ हो चुकी हैं। बार-बार हो रही इन वारदातों से यह प्रतीत होता है कि रेशंदीगिरि नैनागिरि जैन तीर्थ की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को योजनाबद्ध तरीके से क्षति पहुँचाने का प्रयास किया जा रहा है।
ट्रस्ट कमेटी का बयान
ट्रस्ट कमेटी के मंत्री राजेश जैन रागी (बकस्वाहा) ने तीर्थ क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं और सामाजिक संगठनों से आग्रह किया है कि वे सक्रिय सहयोग करें एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराकर प्रशासन तक पहुँचाएं, जिससे अपराधियों को शीघ्र पकड़ा जा सके एवं श्री रागी ने बताया कि इस वारदात के अपराधियों की पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति को ट्रस्ट कमेटी की ओर से उचित पारितोषिक नगद राशि प्रदान किया जायेगा तथा उसका नाम भी गोपनीय रखा जाएगा।
इस मामले में बकस्वाहा थाना प्रभारी जीतेन्द्र बर्मा ने कहा हैं कि नैनागिरि जैन तीर्थ के तालाब में समोसरण मंदिर के गुप्तदान में से 25000/- रूपये कि चोरी अज्ञात चोरों द्वारा की गई हैं मामला जांच में लिया गया हैं जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करके चोरी का खुलासा किया जायेगा |
– (रत्नेश जैन रागी बकस्वाहा)













